हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मुरादाबाद, मंदिरों में लंबी कतारों के बीच हुआ जलाभिषेक, तस्वीरों में दिखी आस्था की छटा
मुरादाबाद (आरएनआई)। मुरादाबाद में रविवार को बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों के बीच आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कांवड़ियों के जत्थों ने शहर के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक किया। सुबह से ही शिवालयों में जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा माहौल शिवमय नजर आया।
शनिवार देर रात से ही हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़ियों का शहर में आगमन शुरू हो गया था। रविवार तड़के शिवालयों में जलाभिषेक का सिलसिला शुरू होते ही डीजे की धुन, बम भोले के जयकारे और कांवड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कोई दोस्तों के साथ तो कोई परिवार और बच्चों के साथ कांवड़ लेकर मंदिरों की ओर बढ़ता दिखा।
महाशिवरात्रि को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया था। बीते एक सप्ताह से रंगाई-पुताई और सजावट का काम चल रहा था। मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया, वहीं मोगरा, गेंदा और गुलाब के फूलों से शिवलिंग का विशेष श्रृंगार किया गया। शनिवार शाम से ही भक्त ओम नमः शिवाय के मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव की आराधना में लीन नजर आए। मंदिरों में घंटियों की गूंज और मंत्रों की ध्वनि से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
शिवभक्तों की सेवा के लिए शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर जगह-जगह जलपान और भंडारे की व्यवस्था की गई थी। कांठ रोड, दिल्ली रोड, बुध बाजार, पीएसी, कोर्ट रोड और रोडवेज क्षेत्र में कांवड़ियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। पूरे दिन शहर में शिवभक्ति, उत्साह और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसकी झलक तस्वीरों में भी साफ नजर आई।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



