कांवड़ियों के जत्थे पर पथराव से तनाव, चार नामजद समेत 29 पर एफआईआर, कोतवाली में हंगामे के बाद तीन गिरफ्तार

Sunday, February 15, 2026 - 14:13
0
कांवड़ियों के जत्थे पर पथराव से तनाव, चार नामजद समेत 29 पर एफआईआर, कोतवाली में हंगामे के बाद तीन गिरफ्तार

अमरोहा (आरएनआई)। अमरोहा में कांवड़ियों के जत्थे पर पथराव की घटना के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। मामले में पुलिस ने चार नामजद और 25 अज्ञात समेत कुल 29 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली में रातभर चले हंगामे और पुलिस अधिकारियों के घेराव के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।

घटना अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छेवड़ा की है, जहां शनिवार रात करीब दस बजे बाईपास स्थित शिव मंदिर के पास भंडारे का आयोजन चल रहा था। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़िये रविवार को भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए मंदिर पर रुके हुए थे। इसी दौरान डीजे की धुन पर कांवड़िये नाच-गाना कर रहे थे।

आरोप है कि मंदिर से करीब 50 मीटर की दूरी पर दूसरे समुदाय के कुछ युवक जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बताया गया कि शुरू में वहां मौजूद युवकों की संख्या कम थी, लेकिन कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और मंदिर पर मौजूद शिव भक्तों व कांवड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया।

माहौल बिगड़ने पर डायल 112 के जरिए पुलिस को सूचना दी गई। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बाद भी उपद्रव नहीं रुका और कांवड़ियों के साथ मारपीट व पथराव जारी रहा। इस दौरान बीच-बचाव कर रहे कांस्टेबल शोएब रजा खान के सिर में पत्थर लगने से वह घायल हो गए। वहीं कांवड़िये चंद्रशेखर सहित विद्या देवी और शिखर समेत चार अन्य लोग भी चोटिल हो गए।

घटना के बाद बड़ी संख्या में शिव भक्त और कांवड़िये कोतवाली पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। रातभर कोतवाली में तनावपूर्ण माहौल रहा और दूसरे थानों से भी पुलिस बल बुलाना पड़ा। देर रात भाजपा नेताओं के पहुंचने पर हंगामा और तेज हो गया तथा कोतवाल का घेराव किया गया।

रविवार को भी इलाके में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी रही। लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी और लापरवाही के आरोप लगाए। मामले में एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि अभिषेक सैनी की तहरीर पर इमरान, मुकीम, यूनुस अली, मोहम्मद जाहिद समेत 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों इमरान, शानू और अदनान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User