स्कूल प्राचार्य पर लूट, तोड़फोड़ और चोरी का आरोप, न्यायालय ने पुलिस से मांगा स्पष्टीकरण

Monday, April 28, 2025 - 22:30
Updated: 1 year ago
0
स्कूल प्राचार्य पर लूट, तोड़फोड़ और चोरी का आरोप, न्यायालय ने पुलिस से मांगा स्पष्टीकरण

शुजालपुर (आरएनआई) न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, शुजालपुर के समक्ष श्रीमती चंचल जादौन द्वारा दायर परिवाद पत्र पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने प्रकरण के आरोपी मां शारदा सीएम राइस स्कूल, शुजालपुर मंडी के प्राचार्य रजनीश त्रिवेदी (पिता हीरालाल त्रिवेदी, निवासी शुजालपुर) एवं अन्य के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए पुलिस थाना शुजालपुर से पूरे मामले में स्पष्टीकरण तलब किया है।

परिवाद पत्र में श्रीमती चंचल जादौन ने उल्लेख किया कि शारदा स्कूल परिसर में स्थित उनकी दुकान क्रमांक 7/1, जिसे विधिवत लीज पर लेकर उनके भाई द्वारा ऑटो पार्ट्स का व्यवसाय संचालित किया जा रहा था, को स्कूल प्रबंधन ने संवैधानिक नोटिस देकर खाली करने की मांग की थी। उक्त मामले में श्रीमती जादौन ने सिविल वाद दायर किया था, जो अभी न्यायालय में विचाराधीन है।

परिवाद के अनुसार, दिनांक 16 फरवरी 2024 को रात्रि लगभग चार से पांच बजे के बीच प्राचार्य रजनीश त्रिवेदी एवं अन्य आरोपियों द्वारा अवैधानिक रूप से दुकान का शटर तोड़कर उसमें रखा संपूर्ण ऑटो पार्ट्स का सामान तथा 20,000 रुपये नकद लूट लिए गए। इसके अतिरिक्त, दुकान को जेसीबी मशीन से ध्वस्त भी कर दिया गया।

श्रीमती जादौन ने इस संबंध में शुजालपुर मंडी थाने में आवेदन प्रस्तुत कर प्राथमिकी दर्ज करने का निवेदन भी किया था, किंतु कथित राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस द्वारा अपराध पंजीबद्ध नहीं किया गया। इसके बाद परिवादिनी ने न्यायालय की शरण ली, जहां से विधिवत सुनवाई कर प्रकरण को संज्ञान में लिया गया है।

परिवादी के अधिवक्ता अजयपाल सिंह ने बताया कि रजनीश त्रिवेदी एवं अन्य आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 392 (लूट), 448 (अवैध प्रवेश), 380 (चोरी) और 457 (रात्रिकालीन घर में प्रवेश कर अपराध करना) के तहत कार्यवाही की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि लूट व डकैती जैसे गंभीर अपराधों में दोषी पाए जाने पर 10 वर्ष की कठोर सजा और आर्थिक दंड का प्रावधान है।
अधिवक्ता सिंह ने यह भी सवाल उठाया कि एक शासकीय स्कूल का प्राचार्य यदि इस प्रकार के गंभीर आपराधिक कृत्यों में लिप्त पाया जाता है, तो वह बच्चों को कैसी शिक्षा देगा? इस घटना ने शिक्षा जगत की गरिमा को भी आघात पहुंचाया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User