सोनागिर मूर्ति चोरी मामला: जैन समाज का अल्टीमेटम, 2 दिन में बरामदगी नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
गुना (आरएनआई)। श्री दिगम्बर सिद्ध क्षेत्र सोनागिर में हुई मूर्ति चोरी के मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। मामले को लेकर जैन समाज में बढ़ते आक्रोश के बीच समिति का प्रतिनिधि मंडल 24 अप्रैल की शाम चम्बल संभाग के आईजी सुनील कुमार जैन से मिला और जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रतिनिधि मंडल ने स्पष्ट तौर पर कहा कि पूरे समाज में इस घटना को लेकर गहरी नाराजगी है और लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। समिति ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिनों के भीतर चोरी हुई मूर्ति बरामद नहीं की गई और आरोपियों का पता नहीं चला, तो सम्भागीय स्तर पर बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
समिति ने चोरों की जानकारी देने वाले के लिए ₹1,11,000 के इनाम की घोषणा भी की है, ताकि जल्द से जल्द इस घटना का खुलासा हो सके। साथ ही प्रशासन से अपील की गई कि शांतिपूर्ण जैन समाज के धैर्य की परीक्षा न ली जाए और मामले में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समिति ने यह भी साफ कर दिया कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होती है, तो आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा। इसमें धरना, प्रदर्शन और थाने का घेराव जैसे कदम भी शामिल होंगे।
आईजी से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधि मंडल में समिति के मंत्री बालचंद जैन, कोषाध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र जैन, न्यासी डॉ. मुकेश जैन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। अब सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस संवेदनशील मामले में कितनी जल्दी ठोस परिणाम सामने आते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)