सोनम वांगचुक को निजी अस्पताल भेजने की मांग: पत्नी गीतांजलि फिर पहुंचीं दिल्ली हाईकोर्ट, आज दोपहर होगी सुनवाई
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर उनकी पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने एक बार फिर दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच का रुख किया है। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ इस अपील पर आज दोपहर 2:30 बजे सुनवाई करेगी।
डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने हाईकोर्ट की एकल पीठ के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से उनकी पसंद के निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग वाली याचिका पर अंतरिम राहत देने से इनकार किया गया था।
रविवार को हुई सुनवाई में दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया था। साथ ही अदालत ने वांगचुक की पत्नी और उनके सहयोगियों के लिए अलग विश्राम कक्ष उपलब्ध कराने तथा उन्हें अस्पताल में सोनम वांगचुक से मिलने की अनुमति देने के निर्देश दिए थे।
याचिका में डॉ. गीतांजलि ने आरोप लगाया है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद अस्पताल प्रशासन वांगचुक को डिस्चार्ज करने या निजी अस्पताल में स्थानांतरित करने की अनुमति नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि अस्पताल के वार्ड के बाहर करीब 30 पुलिसकर्मी और पूरे परिसर में 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिससे उनकी आवाजाही प्रभावित हो रही है।
डॉ. गीतांजलि ने दावा किया कि सोनम वांगचुक को चिकित्सकीय देखभाल के नाम पर रखा गया है, जबकि वास्तविक स्थिति "अवैध हिरासत" जैसी है। अब इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं, जहां निजी अस्पताल में स्थानांतरण की मांग पर फैसला लिया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)