जामिया में प्रदर्शनकारी छात्रों को अंतिम नोटिस, कैंपस खाली करने का आदेश
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें अंतिम नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने छात्रों को नॉर्थ कैंपस स्थित गुलिस्तान-ए-गालिब भवन और गालिब लॉन में बने धरना स्थल को तत्काल खाली करने का निर्देश दिया है। आदेश का पालन नहीं करने पर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि गुलिस्तान-ए-गालिब भवन में राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र विभाग संचालित होते हैं। वहां प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी से विभागों के नियमित कामकाज में बाधा आ रही है। नोटिस में संबंधित छात्रों को बिना देरी किए भवन और धरना स्थल खाली कर अपने साथियों के साथ परिसर छोड़ने को कहा गया है।
यह विवाद विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच सामने आया है। छात्रों की मांगों में छात्र संघ चुनाव कराने और प्रदर्शन के दौरान की गई कार्रवाई से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र संघ चुनाव को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाने, प्रदर्शन के दौरान जारी निलंबन और कारण बताओ नोटिस वापस लेने तथा सुरक्षा कर्मियों की भूमिका की जांच के लिए समिति गठित करने संबंधी कदमों की भी घोषणा की है।
प्रदर्शन के चलते विश्वविद्यालय ने 8 नवंबर तक ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने और दूसरे मिड-टर्म सेमेस्टर परीक्षाएं ऑनलाइन कराने का निर्णय लिया है। प्रशासन और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बनी सहमति के बावजूद कुछ छात्रों के धरना जारी रखने के कारण परिसर में तनाव बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)