सीएम रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद की सड़क का नाम ट्रंप के नाम पर रखने का प्रस्ताव, भाजपा ने जताया विरोध
हैदराबाद (आरएनआई)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद स्थित अमेरिका महावाणिज्य दूतावास जाने वाली सड़क का नाम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा है। तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट के दौरान किए गए इस प्रस्ताव को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। यदि यह निर्णय लागू होता है, तो यह दुनिया में पहली बार होगा जब किसी देश में अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति के नाम पर सड़क का नामकरण होगा।
हैदराबाद में वैश्विक कंपनियों और शहर के विकास में योगदान देने वाले महत्वपूर्ण व्यक्तियों के नाम पर स्थानों के नामकरण की परंपरा पहले से ही मौजूद है। शहर में गूगल स्ट्रीट, माइक्रोसॉफ्ट रोड और विप्रो जंक्शन जैसी सड़कें इसी परंपरा का उदाहरण हैं। राजनेताओं और प्रभावशाली हस्तियों को सम्मान देने का यह तरीका अब एक बार फिर चर्चा में है।
मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव पर विपक्ष ने कड़ी आपत्ति जताई है। तेलंगाना भाजपा ने रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए कहा है कि यदि नाम बदलने की इतनी ही इच्छा है तो पहले हैदराबाद का नाम वापस भाग्यनगर किया जाए। भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि कांग्रेस सरकार ट्रेंड में रहने वाले नामों का पीछा कर रही है, जबकि वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो जनता की समस्याओं को लेकर लगातार सरकार से सवाल कर रही है।
सड़क का नाम बदलने के इस प्रस्ताव ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है और आने वाले समय में इस पर सरकार के फैसले पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



