सीएम योगी से मिले शीतला चौकियां धाम के महंत, धाम के विकास और सौंदर्यीकरण पर हुई विस्तृत चर्चा

Friday, July 24, 2026 - 12:42
Updated: 2 days ago
0
सीएम योगी से मिले शीतला चौकियां धाम के महंत, धाम के विकास और सौंदर्यीकरण पर हुई विस्तृत चर्चा

जौनपुर। पूर्वांचल की प्रसिद्ध शक्तिपीठ एवं करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र मां श्री शीतला चौकियां धाम मंदिर के महंत विवेकानंद पांडा ने रविवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनके साथ भाजपा के जौनपुर जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान शीतला चौकियां धाम के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ-साथ मंदिर परिसर में चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।

महंत विवेकानंद पांडा ने मुख्यमंत्री को बताया कि मां शीतला चौकियां धाम पूर्वांचल ही नहीं बल्कि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने पर्यटन विभाग एवं राज्य सरकार के सहयोग से मंदिर परिसर में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए भविष्य की आवश्यकताओं से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धाम में आधारभूत सुविधाओं का और विस्तार किया जाना आवश्यक है, जिससे दर्शनार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धाम में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण, विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने महंत को सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया तथा आश्वासन दिया कि मां शीतला चौकियां धाम के विकास के लिए जो भी आवश्यक होगा, सरकार उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास करेगी।

इस अवसर पर महंत विवेकानंद पांडा ने मुख्यमंत्री को मां शीतला की पावन चुनरी, प्रसाद तथा मां शीतला की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को जौनपुर स्थित शीतला चौकियां धाम में दर्शन एवं पूजन के लिए सादर आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आगामी दिनों में जनपद के दौरे के दौरान मां शीतला के दर्शन करने की इच्छा व्यक्त करते हुए धाम आने का आश्वासन दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान संगठन की गतिविधियों एवं आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री को भगवान श्रीराम की प्रतिमा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

भेंट के बाद महंत विवेकानंद पांडा ने बताया कि मुख्यमंत्री से अत्यंत आत्मीय वातावरण में चर्चा हुई। उन्होंने कहा, "हमने मुख्यमंत्री जी को मां शीतला चौकियां धाम के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि धाम के विकास के लिए जो भी आवश्यकता होगी, सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री जी ने निकट भविष्य में जौनपुर आने पर मां शीतला के दर्शन करने का भी आश्वासन दिया है। हम उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने हमें समय दिया और धाम के विकास के लिए सकारात्मक आश्वासन प्रदान किया।"

मुख्यमंत्री और शीतला चौकियां धाम के महंत के बीच हुई यह मुलाकात धाम के भावी विकास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पूर्वांचल की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

_____

RNI भारत की एक तेज़ी से बढ़ती हुई न्यूज़ वेबसाइट है, जो समाचार, विचारों और कंटेंट-आधारित लेखों के लिए एक डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म है। यह एक ऐसी जगह है जहाँ आप दुनिया भर की ताज़ा ख़बरें जान सकते हैं और स्वतंत्र व निष्पक्ष पत्रकारिता को मज़बूत होते देख सकते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
VISHWA PRAKASH SRIVASTAVA

Vishwa prakash srivastava (JAURANLIST) JAUNPUR ADD MOHALLA RUHTTA

Comments (0)

User