सड़क हादसे में अनाथ हुई 2 वर्षीय बच्ची का भविष्य संभालेंगे ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुकन्या योजना में 21 साल तक करेंगे जमा

Oct 13, 2025 - 17:47
Oct 13, 2025 - 17:49
 0  27
सड़क हादसे में अनाथ हुई 2 वर्षीय बच्ची का भविष्य संभालेंगे ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुकन्या योजना में 21 साल तक करेंगे जमा

गुना/भोपाल (आरएनआई) केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, ने आज मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए, गुना बायपास पर एक दुखद सड़क हादसे में अपने माता-पिता को खो चुकी 2 वर्षीय बच्ची तान्या कुशवाह के भविष्य का दायित्व उठाया। मंत्री ने बच्ची के नाम सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) खाता खुलवाकर उसे 21 वर्षों तक की आर्थिक सुरक्षा का कवच प्रदान किया। इस सुकन्या समृद्धि खाते से बच्ची की उम्र 21 वर्ष होने पर उसे 5 लाख 54 हजार रुपए आर्थिक संबल मिलेगा। 

दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा हूंः सिंधिया
सिंधिया को जैसे ही इस हृदय विदारक घटना की जानकारी मिली, वह तत्काल दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े हुए और बच्ची को संबल दिया। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को गुना में आकाशवाणी के पास प्रियंका और दीपक कुशवाह की सड़क हादसे में असमय मृत्यु हो गई, जिससे उनकी 2 वर्षीय मासूम बेटी तान्या अनाथ हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही सिंधिया ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर बिटिया का खाता खुलवाया और धनराशि जमा करने की घोषणा की। 

21 वर्ष तक सिंधिया जमा करेंगे धनराशि
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने न केवल खाता खुलवाया, बल्कि यह ऐतिहासिक घोषणा की कि वह अपनी ओर से बच्ची के नाम इस खाते में 21 वर्ष की आयु तक हर वर्ष 12 हजार रुपए की राशि जमा करेंगे। इस पहल के परिणामस्वरूप, 21 वर्ष की अवधि के बाद बच्ची को ब्याज सहित ₹5 लाख 54 हजार रुपए की कुल मैच्योरिटी राशि प्राप्त होगी, जो उसकी उच्च शिक्षा या विवाह के समय एक बड़ी और सुनिश्चित आर्थिक सहायता बनेगी।

हर बिटिया की सुरक्षा मेरा धर्म हैः सिंधिया
इस अवसर पर सिंधिया ने भावुक होते हुए कहा कि मासूम बिटिया जिस उम्र में अपने माता-पिता का हाथ थामकर चलना सीख रही थी, आज उसी उम्र में उसका सहारा छिन गया है। एक पिता होने के नाते मैं उसका दर्द महसूस कर सकता हूँ। उन्होंने कहा कि यह राशि केवल आर्थिक मदद नहीं है, बल्कि यह उस बिटिया के हौसले और भविष्य की उम्मीद को टूटने न देने का एक संकल्प है, ताकि अब इस बिटिया को किसी भी तरह का डर न रहे। उन्होंने दोहराया कि तान्या के भविष्य को सुरक्षित रखना उनका व्यक्तिगत और नैतिक दायित्व है।

इस दुखद समय में राजनीति के रोटियां सेंकने वालों को करनी चाहिए शर्मः सिंधिया
सिंधिया ने इस अवसर पर यह भी कहा कि कुछ लोग केवल बातें करते रहते हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की संस्कृति में कहना नहीं, करके दिखाना निहित है। केन्द्रीय मंत्री ने उन नेताओं पर करारा निशाना भी साधा जो इस दुखद समय पर राजनैतिक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक परिवार पर दुखों पर पहाड़ टूट गया है और इस पर भी अपनी राजनीति की रोटियां सेंकने की कोशिश करने वालों शर्म करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब किसी गरीब या असहाय के जीवन में संकट आता है, तब कुछ लोग केवल टिप्पणियां कर अपनी राजनीति को चमकाने की कोशिश करते हैं, लेकिन हमने इस बच्ची के लिए सिर्फ़ सांत्वना नहीं दी, बल्कि उसका भविष्य सुनिश्चित किया है और उसका दायित्व उठाया है। उनका यह हृदयस्पर्शी कदम समाज में मानवीय मूल्यों और जनप्रतिनिधियों की सामाजिक जिम्मेदारी का एक जीवंत उदाहरण बन गया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0