शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना पहली प्राथमिकता : विधायक रंजन कुमार

Thursday, December 25, 2025 - 20:40
Updated: 9 months ago
0
शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना पहली प्राथमिकता : विधायक रंजन कुमार

मुजफ्फरपुर : जिले के रामदयालु नगर इलाके में गुरुवार को नव निर्वाचित नगर विधायक रंजन कुमार के सम्मान में मोहल्लेवासियों की ओर से भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं महिलाएं शामिल हुईं। लोगों ने फूल-मालाओं, बुके और नारों के साथ विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी जीत पर खुशी जाहिर की.

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रंजन कुमार ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि रामदयालु नगर सहित पूरे शहर की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता ने जिस विश्वास और समर्थन के साथ उन्हें आशीर्वाद दिया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे.

विधायक ने कहा कि शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना उनकी पहली और सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके तहत बेहतर सड़क निर्माण, नाला-नाली की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्कों का विकास, ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट सिटी का अर्थ केवल आधुनिक ढांचा नहीं, बल्कि ऐसा शहर है जहां आम नागरिक को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक जीवन मिले।

उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति में सुधार के साथ-साथ युवाओं के लिए कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक के समक्ष जलजमाव, जर्जर सड़कें, साफ-सफाई और यातायात जैसी प्रमुख समस्याएं रखीं। विधायक रंजन कुमार ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाते हुए संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द कार्रवाई की बात कही। उन्होंने विकास कार्यों में जनता से सहयोग और सुझाव देने की भी अपील की.

कार्यक्रम की अध्यक्षता रामबाबू सिंह, संचालन रुपेश भारतीय, आयोजक प्रशांत कुमार पिंकू जी एवं समस्त सिद्धार्थपुरम मोहल्ला विकास समिति के लोगों द्वारा किया गया. मौके पर प्रो॰ सत्येन्द्र कुमार जी, वार्ड पार्षद-31 रूपम कुमारी, प्रो॰ मृणालिनी सिंह, डॉ॰ दिव्या रानी, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेश कुमार सिंह , डॉ॰ मदनजीत सहित अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद थे.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User