विपक्ष आज संसद में सरकार को घेरने की रणनीति पर करेगा मंथन, फ्लोर लीडर्स की अहम बैठक
संसद के मानसून सत्र के बीच शुक्रवार को विपक्षी दल सरकार के खिलाफ अपना विरोध तेज करने की तैयारी में हैं। इसी क्रम में लोकसभा और राज्यसभा के विपक्षी फ्लोर लीडर्स की अहम बैठक राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष के कक्ष में होगी। बैठक में सत्र के शेष दिनों के लिए सदन के भीतर और बाहर संयुक्त रणनीति तय की जाएगी। इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे विपक्षी सांसद संसद भवन के मकर द्वार पर प्रदर्शन करेंगे।
बैठक में 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित कार्रवाई को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा। विपक्ष केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले पर सदन में जवाब और बयान की मांग करेगा। इसके अलावा अयोध्या राम मंदिर के दान और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर भी सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी।
वहीं, लोकसभा में आज सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 और अन्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026 पर चर्चा और पारित कराने की कार्यवाही प्रस्तावित है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी सदन में इन विधेयकों को पेश करेंगे।
आज निजी सदस्य विधेयकों पर भी चर्चा हो सकती है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास, उनकी संपत्ति की सुरक्षा और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण से जुड़ा विधेयक पेश कर सकते हैं। कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल तटीय राज्यों के मछुआरों के कल्याण और सुरक्षा से संबंधित विधेयक लाएंगे, जबकि नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी जम्मू-कश्मीर पब्लिक सेफ्टी एक्ट में संशोधन से जुड़ा निजी विधेयक पेश कर सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)