वसंत पंचमी पर आज घोषित होगी बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि, नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंचेगी गाडू घड़ा यात्रा

Jan 23, 2026 - 11:55
 0  270
वसंत पंचमी पर आज घोषित होगी बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि, नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंचेगी गाडू घड़ा यात्रा

कर्णप्रयाग (आरएनआई)। वसंत पंचमी के पावन अवसर पर आज श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित की जाएगी। गाडू घड़ा पूजन की परंपरा के निर्वहन के बाद श्रीलक्ष्मी-नारायण मंदिर डिम्मर से चली यात्रा ऋषिकेश होते हुए नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंचेगी, जहां विधिविधान के साथ कपाटोद्घाटन की तिथि तय की जाएगी।

इससे पहले गुरुवार को डिम्मर गांव में स्थित श्रीलक्ष्मी-नारायण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। डिम्मर गांव के पुजारी टीका प्रसाद डिमरी और आचार्यों ने भगवान बदरीविशाल और गाडू घड़ा का विष्णु सहस्त्रनाम और नामावलियों के साथ महाभिषेक कर बाल भोग अर्पित किया। पूजा के उपरांत बदरीनाथ धाम के डिमरी पुजारियों ने गाडू घड़ा के साथ मंदिर की परिक्रमा की और भगवान श्री बदरीविशाल के जयकारों के बीच यात्रा ऋषिकेश के लिए रवाना हुई, जहां रात्रि प्रवास किया गया।

शुक्रवार को वसंत पंचमी के दिन डिमरी पुजारी गाडू घड़ा लेकर नरेंद्रनगर स्थित राजदरबार पहुंचेंगे। यहां महाराजा मनुजेंद्र शाह द्वारा पंचांग पूजन के बाद परंपरागत रीति से भगवान बदरीविशाल धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की जाएगी। इसी अवसर पर भगवान के महाभिषेक में प्रयुक्त होने वाले तिलों के तेल को पिरोने की प्रक्रिया और गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा की तिथि भी तय की जाएगी।

श्रीबदरीश डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने बताया कि यह परंपरा सदियों से चली आ रही है और बदरीनाथ धाम की वार्षिक तीर्थयात्रा की औपचारिक शुरुआत इसी घोषणा के साथ मानी जाती है। कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के साथ ही देश-विदेश के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बन गया है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.