चुनाव आयोग ने लॉन्च किया नया एप ‘ईसीआईनेट’, भ्रामक सूचनाओं पर लगेगा लगाम

Jan 23, 2026 - 11:52
 0  162
चुनाव आयोग ने लॉन्च किया नया एप ‘ईसीआईनेट’, भ्रामक सूचनाओं पर लगेगा लगाम

नई दिल्ली (आरएनआई)। चुनाव आयोग ने चुनावी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘ईसीआईनेट’ (ECINet) नाम से नया एप लॉन्च किया है। यह एप न केवल भ्रामक सूचनाओं से निपटने में सहायक होगा, बल्कि सभी चुनाव-संबंधी गतिविधियों के लिए एक सिंगल डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा।

नए एप का शुभारंभ मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ईसीआईनेट भ्रामक सूचनाओं के प्रसार के खिलाफ एक मजबूत डिजिटल हथियार साबित होगा। उन्होंने बताया कि भारत मंडपम में आयोजित लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान कई देशों ने चुनावी प्रक्रियाओं में गलत सूचनाओं को लेकर चिंता जताई थी, जिसके समाधान के रूप में यह एप अहम भूमिका निभा सकता है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि ईसीआईनेट में चुनाव आयोग के 40 से अधिक मौजूदा मोबाइल और वेब एप्लिकेशन को एकीकृत किया गया है, जिससे सभी चुनाव-संबंधी सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी। इसमें वोटर हेल्पलाइन, वोटर टर्नआउट, सीविजिल, सुविधा, सक्षम और केवाईसी जैसे लोकप्रिय एप शामिल हैं, जिनके अब तक कुल 5.5 करोड़ से अधिक डाउनलोड हो चुके हैं।

ईसीआईनेट के जरिए अब तक 150 करोड़ से अधिक दस्तावेजों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है, जिससे चुनावी कार्यों में तेजी और पारदर्शिता आई है। ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इस प्लेटफॉर्म को लेकर दुनिया के कई देशों ने विशेष रुचि दिखाई है और निर्वाचन आयोग उनकी जरूरतों के अनुसार इस तरह के डिजिटल समाधान विकसित करने में सहयोग देने के लिए तैयार है।

चुनाव आयोग का मानना है कि ईसीआईनेट लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने के साथ-साथ तकनीक के जरिए गलत सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.