लाहौल में हिमस्खलन, मौसम हुआ साफ; ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में तापमान 30 डिग्री पार
शिमला (आरएनआई)। हिमाचल प्रदेश में शनिवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह साफ रहा और मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक शुष्क मौसम जारी रहने का अनुमान जताया है। तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया, जिससे दिन के समय ठंडक कम महसूस की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 17 अक्तूबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की उम्मीद जताई गई है।
इस बीच लाहौल-स्पीति जिले की चंद्रा घाटी में मौसम साफ होते ही हिमस्खलन शुरू हो गए हैं। गोंदला के सामने वाली पहाड़ियों से शनिवार दोपहर बाद हिमस्खलन हुआ, हालांकि इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। गोंदला के प्रधान सूरज ठाकुर के अनुसार हिमस्खलन गोंदला के वामतट स्थित रालिंग गांव के पास से हुआ।
मनाली-लेह मार्ग पर वन-वे के आधार पर वाहनों की आवाजाही जारी है। शनिवार को लेह से मनाली की ओर वाहनों को छोड़ा गया। दारचा में फंसे लगभग 300 ट्रकों में से 150 को लेह के लिए रवाना किया गया, जबकि बाकी 150 ट्रक वहीं पर रुके हुए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



