राजधानी और अवध के जिलों में पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा, तलाशी के बाद ही केंद्रों में प्रवेश
लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा रविवार को राजधानी लखनऊ सहित अवध के कई जिलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जा रही है। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी और सभी केंद्रों पर सघन निगरानी रखी जा रही है।
लखनऊ में 59 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ करीब 27 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होनी है, जिसके लिए प्रवेश प्रक्रिया सुबह 8:15 बजे से प्रारंभ की गई। तलाशी और दस्तावेज सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पूर्व प्रवेश पूरी तरह रोक दिया जाएगा।
बलरामपुर में चार केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। शहर के एमपीपी इंटर कॉलेज और एमएलके पीजी कॉलेज के तीन संकायों में व्यवस्थाएं की गई हैं। सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो गया था। अपर जिलाधिकारी ज्योति राय के अनुसार सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
रायबरेली में 28 केंद्रों पर परीक्षा हो रही है। यहाँ मेटल डिटेक्टर और तलाशी प्रक्रिया के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। प्रत्येक केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी गई है।
श्रावस्ती में पांच परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहाँ 2232 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
अमेठी में 15 परीक्षा केंद्रों पर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2025 आयोजित की जा रही है। यहाँ 6202 परीक्षार्थियों को शामिल होना है। सुबह 7 बजे से ही अभ्यर्थी केंद्रों के बाहर पहुँचने लगे थे। प्रवेश से पूर्व बायोमीट्रिक सत्यापन, आई स्कैनिंग और बारकोडयुक्त प्रवेश पत्र की पुष्टि की गई। केंद्रों के आसपास सुरक्षा के चलते अधिकांश दुकानें बंद रहीं, जिससे अभ्यर्थियों के परिजनों को पानी और नाश्ते के लिए परेशानी हुई।
पुलिसकर्मी, महिला पुलिस बल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों के बाहर मुस्तैदी से तैनात रहे। वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए।
डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी और आयोग के समन्वयक पर्यवेक्षक वीरेंद्र सिंह ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता और सीसीटीवी निगरानी में कराई जा रही है। नियंत्रण कक्ष से सभी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



