ललितपुर मेडिकल कॉलेज में बड़ा खुलासा: जीजा की डिग्री पर तीन साल से डॉक्टर बनकर काम कर रहा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Friday, December 12, 2025 - 19:34
0
ललितपुर मेडिकल कॉलेज में बड़ा खुलासा: जीजा की डिग्री पर तीन साल से डॉक्टर बनकर काम कर रहा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार

झांसी (आरएनआई)। ललितपुर मेडिकल कॉलेज में एक बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है, जहां एक युवक ने अपने जीजा की चिकित्सकीय डिग्री का इस्तेमाल कर खुद को कार्डियोलॉजिस्ट बताकर तीन साल तक मेडिकल कॉलेज में नौकरी की। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी अभिनव सिंह, निवासी तालाबपुरा (हाल RLN कॉलेज के पास, खुरई, जनपद सागर, मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से कई महत्वपूर्ण कागजात भी बरामद किए हैं।

अभिनव सिंह अपने जीजा, अमेरिका में रहने वाले डॉ. राजीव गुप्ता की डिग्री और पहचान का दुरुपयोग कर मेडिकल कॉलेज के कार्डियोलॉजी विभाग में डॉक्टर बनकर ओपीडी संभाल रहा था और मरीजों का इलाज भी कर रहा था। यह फर्जीवाड़ा तब सामने आया जब आरोपी की बहन ने डिग्री की वास्तविकता पर सवाल उठाते हुए मामले की शिकायत की।

डीएम सत्यप्रकाश ने तत्काल इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की, जिसमें अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मयंक कुमार शुक्ला और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद शामिल थे। जांच में पाया गया कि अभिनव सिंह ने अपने जीजा की डिग्री और पहचान को फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर खुद को डॉक्टर साबित कर लिया और बरसों से मरीजों का इलाज कर रहा था।

जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद डिप्टी सीएमओ डॉ. रामनरेश सोनी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। बाद में एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित कीं। इन टीमों ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया और अदालत में पेश किया।

इस मामले के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है, तथा पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है कि कहीं इसमें अन्य लोगों की मिलीभगत तो नहीं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User