लखीमपुर खीरी में अंबेडकर प्रतिमा विवाद पर बवाल, आगजनी-पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल
लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी के मैलानी थाना क्षेत्र के बांकेगंज में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को लेकर बड़ा बवाल हो गया। अंबेडकर जयंती के मौके पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया, जिसमें आगजनी और पथराव की घटनाएं सामने आईं।
गुस्साए लोगों ने पुलिस वाहनों को निशाना बनाते हुए कई गाड़ियों को पलट दिया और कुछ को आग के हवाले कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस पर भी हमला किया गया, जिसमें एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक महिला के घायल होने की भी खबर है।
बताया जा रहा है कि विवाद ग्राम समाज की जमीन पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर हुआ। एक पक्ष मूर्ति स्थापित करना चाहता था, जबकि दूसरा इसका विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हिंसा तक पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। दुर्गा शक्ति नागपाल, डॉ. ख्याति गर्ग समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। पुलिस ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़कर हालात काबू में किए।
अपर पुलिस अधीक्षक अजय राय के अनुसार, फिलहाल कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं, किरण एस भी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)