लखनऊ: गोवंश से टकराकर पलटी बाइक... हुआ धमाका, झुलसकर दो लोगों की मौत
लखनऊ (आरएनआई) लखनऊ के गोसाईंगंज क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा मलौली के पास उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार बाइक गोवंश से टकरा गई और सड़क पर पलटते ही उसमें जोरदार विस्फोट हो गया।
घटना करीब 3:30 बजे मातन टोला निवासी मो. अहमद (35) अपने साले सोहेल (25), निवासी संडीला, हरदोई के साथ मरखापुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में मलौली के समीप उनकी बाइक अचानक गोवंश से भिड़ गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और तुरंत धमाका हो गया।
मौत और जांच
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों को पुलिस ने तुरंत सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल गोवंश ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
विस्फोटक सामग्री की आशंका
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बाइक में विस्फोटक सामग्री होने की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि दोनों किसी आयोजन में आतिशबाजी के लिए सामग्री लेकर जा रहे थे। मरखापुर क्षेत्र में कार्यक्रम होने की बात भी सामने आ रही है।
पुलिस कर रही जांच
इंस्पेक्टर गोसाईंगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विस्फोट की प्रकृति और विस्फोटक सामग्री की मौजूदगी की पुष्टि के लिए जांच चल रही है। मौके से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



