रूस ईरान को दे रहा खुफिया मदद? जेलेंस्की का बड़ा दावा, बढ़ा वैश्विक तनाव
कीव (आरएनआई)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि रूस, ईरान को खुफिया जानकारी मुहैया करा रहा है, जिससे युद्ध लंबा खिंच रहा है और वैश्विक अस्थिरता बढ़ रही है।
जेलेंस्की के मुताबिक उनके पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि रूसी सरकार ईरानी शासन को इंटेलिजेंस सपोर्ट दे रही है। उनका कहना है कि इस मदद से ईरान को न केवल युद्ध में टिके रहने में सहायता मिल रही है, बल्कि वह अधिक सटीक हमले भी कर पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह स्थिति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खतरनाक साबित हो सकती है और इससे ऊर्जा बाजारों पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
इसी बीच सर्गेई लावरोव ने अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत की। रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेताओं ने फारस की खाड़ी में अमेरिका और इस्राइल की कार्रवाइयों के चलते बिगड़ते हालात पर चर्चा की और इस संघर्ष के अन्य क्षेत्रों तक फैलने की आशंका जताई।
रूस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सर्गेई लावरोव ने ईरान के परमाणु ढांचे, खासकर बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर अमेरिका और इस्राइल के हमलों को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उन्होंने चेताया कि ऐसे हमलों से वहां तैनात रूसी कर्मियों की सुरक्षा को खतरा है और इसके गंभीर पर्यावरणीय परिणाम हो सकते हैं।
दूसरी तरफ बेंजामिन नेतन्याहू ने बताया कि उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत की है। नेतन्याहू ने कहा कि इस्राइल अपने रणनीतिक हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनका देश मिसाइल और परमाणु कार्यक्रम को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है और हिज्बुल्लाह के खिलाफ हमले तेज किए गए हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)