गैस संकट के बीच राहत: शादी वाले घरों को मिलेंगे कॉमर्शियल सिलिंडर
आगरा (आरएनआई)। शहर में एलपीजी गैस की किल्लत के बीच शादी वाले परिवारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिन घरों में विवाह समारोह होने वाले हैं, उनके लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था करने का फैसला लिया है। जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार के अनुसार, ऐसे परिवारों की मांग को देखते हुए शासन से कॉमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गैस संकट के चलते शहर में कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई काफी प्रभावित हुई है, जिससे होटल, रेस्तरां और हलवाई भी परेशान हैं। कई परिवारों ने शिकायत की है कि शादी की तैयारियां पूरी होने के बावजूद गैस न मिलने से खाना बनाने में दिक्कत आ रही है। एक पिता ने अपनी दो बेटियों की शादी का हवाला देते हुए पांच सिलिंडर की मांग की है, जिससे समस्या की गंभीरता साफ झलकती है।
जिला पूर्ति विभाग के अनुसार, सभी संबंधित प्रतिष्ठानों और जरूरतमंदों से उनकी मांग का ब्योरा लिया जा रहा है। उपलब्ध गैस की सीमित मात्रा को देखते हुए नए नियमों के तहत औसत खपत के आधार पर लगभग 20 प्रतिशत गैस ही दी जाएगी। इसके लिए पहले प्रतिष्ठानों की जांच भी की जाएगी, जिसमें पिछले तीन महीनों की खपत का आंकलन किया जाएगा।
आंकड़ों के मुताबिक, आगरा में हर महीने करीब 40 हजार कॉमर्शियल सिलिंडर की खपत होती थी, लेकिन मौजूदा हालात में केवल करीब 8 हजार सिलिंडर ही उपलब्ध हो पाएंगे। ऐसे में प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर शादी वाले घरों की मांग शासन तक पहुंचाने का निर्णय लिया है, ताकि उनके समारोह प्रभावित न हों।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)