ताजिकिस्तान पहुंचे राजनाथ सिंह, रक्षा सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में अपने समकक्ष इमामोली सोबिरजोड़ा से मुलाकात कर भारत और ताजिकिस्तान के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। सोमवार को हुई इस बैठक में क्षमता निर्माण, सैन्य प्रशिक्षण और आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बातचीत को उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया। दुशांबे पहुंचने पर ताजिकिस्तान के रक्षा मंत्री और वहां के विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने उनका स्वागत किया।
राजनाथ सिंह ताजिकिस्तान के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं। वह 19 और 20 अक्टूबर को आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सदस्य देशों की सरकारों के प्रमुखों की परिषद की 25वीं बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
इस बैठक में सदस्य देशों के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, निवेश, संपर्क व्यवस्था, नवाचार और सांस्कृतिक व मानवीय आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर चर्चा होनी है। इसके अलावा संगठन की मौजूदा सहयोग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और वित्तीय व संस्थागत कामकाज से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा।
भारत SCO के विभिन्न सहयोग तंत्रों में सक्रिय भागीदारी करता रहा है। इस बैठक के जरिए भारत अन्य सदस्य देशों के साथ क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने और पारस्परिक हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार साझा करेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)