रायबरेली में पुलिस मुठभेड़ के बाद पांच बदमाश गिरफ्तार, 12.80 किलो चोरी के आभूषण बरामद
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12.80 किलोग्राम चोरी के आभूषण, अवैध हथियार और एक कार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार बदमाश लूट और चोरी के माल का बंटवारा कर रहे थे तथा नई वारदात की योजना बना रहे थे।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मिल एरिया थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि 6-7 अगस्त की रात लोनियन का पुरवा स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ बदमाश चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शिवकुमार और बबलू के पैर में गोली लगी, जबकि भागने की कोशिश कर रहे राकेश उर्फ छोटे, लवकुश और सागर वर्मा को पुलिस ने दबोच लिया।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए सीएचसी अमांवा भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस और एक स्विफ्ट डिजायर कार (UP32NV1225) भी बरामद की है।
जांच में सामने आया कि बरामद 12.80 किलो आभूषणों में 4.460 किलोग्राम आभूषण अमेठी के मोहनगंज क्षेत्र में हुई चोरी से संबंधित हैं, जबकि शेष आभूषण रायबरेली के मिल एरिया स्थित तकिया चौराहा की ज्वेलर्स दुकानों से चोरी किए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों में सागर वर्मा पेशे से सुनार है। पुलिस पूरे गिरोह से पूछताछ कर अन्य वारदातों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)