राजस्थान में ‘महा फर्जीवाड़ा’: आईटी अधिकारी ने पत्नी को फर्जी तरीके से दिलाई सरकारी नौकरी, हर महीने उठाया ₹1.60 लाख वेतन – एसीबी जांच में बड़ा खुलासा
जयपुर (आरएनआई) — राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (डीओआईटी) में एक बड़ा भ्रष्टाचार मामला सामने आया है। विभाग के संयुक्त निदेशक प्रद्युमन दीक्षित पर आरोप है कि उन्होंने अपनी पत्नी पूनम दीक्षित की राजकॉम्प इंफो सर्विसेज लिमिटेड (आरआईएसएल) में फर्जी नियुक्ति करवा कर हर महीने ₹1.60 लाख का वेतन उठाया।
कैसे हुआ फर्जीवाड़ा
शिकायतकर्ता टी.एन. शर्मा ने एसीबी को दी गई लिखित शिकायत में बताया कि प्रद्युमन दीक्षित ने निजी कंपनी ऑरियनप्रो को सरकारी ठेकों में अनुचित लाभ दिलाया। इसके बदले कंपनी ने उनकी पत्नी पूनम दीक्षित को फर्जी तरीके से राजकॉम्प में नियुक्त कर दिया। अप्रैल 2019 से पूनम दीक्षित के खाते में हर महीने ₹1.60 लाख वेतन के रूप में जमा किए जा रहे थे। वेतन बिलों पर हस्ताक्षर भी प्रद्युमन दीक्षित खुद करते थे, जबकि उनकी पत्नी कभी दफ्तर नहीं आईं।
संदिग्ध बैंक लेन-देन
एसीबी जांच में यह खुलासा हुआ कि प्रद्युमन और पूनम का संयुक्त बैंक खाता एसबीआई तिलक मार्ग शाखा में है, जिसमें बड़ी रकमों का नियमित ट्रांसफर होता रहा। 2017 से 2019 के बीच 25-25 हजार रुपए की करीब 15 किश्तों में संदिग्ध लेन-देन किए गए। पूनम दीक्षित के खाते में अब तक करीब ₹50 लाख की राशि जमा हो चुकी है।
दूसरी कंपनी से भी रकम आई
जांच में यह भी सामने आया कि अक्टूबर 2017 से ट्राइज़ीन सॉफ्टवेयर प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी ने भी पूनम के खाते में पैसा ट्रांसफर किया। यह कंपनी “ई-कनेक्टर” नामक संस्था के माध्यम से काम कर रही थी, जिसे प्रद्युमन दीक्षित ने ठेका दिलाया था। इस रकम को रिश्वत के रूप में दिए जाने की आशंका है।
एसीबी ने दर्ज किया मामला
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शिकायत पर प्रद्युमन दीक्षित, पूनम दीक्षित और उपनिदेशक राकेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि राजकॉम्प के वेतन रिकॉर्ड, उपस्थिति रजिस्टर और बैंक विवरण जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।
राजकॉम्प क्या है?
राजकॉम्प इंफो सर्विसेज लिमिटेड (आरआईएसएल) राजस्थान सरकार की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है, जो सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के अधीन काम करती है। यह राज्य में ई-गवर्नेंस और डिजिटल सेवाओं के क्रियान्वयन की प्रमुख एजेंसी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



