कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक संपन्न, पारदी समाज के उत्थान हेतु 29 अक्टूबर को जनकल्याण शिविर आयोजित होगा

Monday, October 27, 2025 - 20:45
Updated: 12 months ago
0
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक संपन्न, पारदी समाज के उत्थान हेतु 29 अक्टूबर को जनकल्याण शिविर आयोजित होगा

गुना (आरएनआई) जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आज कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक संपन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण, गौरव दिवस की तैयारियों, नरवाई जलाने पर नियंत्रण, पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निपटान तथा स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने कहा सीएम हेल्पलाइन की 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को दो माह के भीतर जीरो लेवल पर लाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों के निराकरण में 90 प्रतिशत से अधिक प्रदर्शन दर्ज हो, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके। उन्होंने सभी सीईओ जनपद को निर्देश दिए पंचायत स्तर पर आयोजित जनसुनवाई की रिपोर्ट नियमित प्रस्तुत करें और ग्रामीण विकास कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दें।

कलेक्टर ने बताया प्रशासन अब उन क्षेत्रों में विशेष सक्रियता दिखाएगा जहाँ पहुंचना कठिन है, ताकि पारदी समाज के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए ठोस पहल की जा सके। इस क्रम में दिनांक 29 अक्टूबर को बमोरी विकासखंड की ग्राम पंचायत विश्वनगर के ग्राम कनेरा में जनकल्याण शिविर आयोजित किया जाएगा।

 शिविर में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं जिला न्यायाधीश की उपस्थिति में पारदी समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आयुष्मान भारत एवं आधार पंजीयन संबंधी सेवाएँ और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

नरवाई जलाने की घटनाओं पर सख्ती दिखाते हुए कलेक्टर ने कहा इस तरह के मामलों में जुर्माना लगाया जाए और किसानों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने सुपर सीडर मशीन के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए।

आगामी 01 नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर “शुभ विदाई स्थल” पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, प्रदर्शनी तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किए जाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही, पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समय पर पेंशन स्वीकृत की जाए एवं सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User