यूपी में फिर सक्रिय होगा मानसून, 17 से 22 जुलाई तक झमाझम बारिश के आसार, लखनऊ में सुबह हुई बरसात
उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। गुरुवार सुबह राजधानी लखनऊ के कई इलाकों में हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, 17 से 22 जुलाई के बीच पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि उड़ीसा के उत्तरी तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में मानसून को नई गति मिलेगी। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बारिश की शुरुआत पूर्वी उत्तर प्रदेश से होगी और अगले 48 घंटों में इसका प्रभाव मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंच जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से चक्रवाती परिसंचरण और मानसून द्रोणी के तराई क्षेत्र की ओर बने रहने के कारण केवल पूर्वी तराई के कुछ हिस्सों में ही अच्छी बारिश हो रही थी।
मौसम विभाग का कहना है कि 17 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। हालांकि गुरुवार के लिए किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हवा में नमी अधिक रहने के कारण कई स्थानों पर उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है।
इस बीच प्रयागराज 39.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं बुधवार को अंबेडकर नगर में 75 मिमी, हमीरपुर में 54 मिमी, मथुरा में 44 मिमी, अयोध्या में 42 मिमी और गोरखपुर में 38 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



