केतन अग्रवाल हत्याकांड के बीच FDA का बड़ा एक्शन, सिया गोयल के पिता की दुकान से 4,173 किलो खाद्य सामग्री जब्त

Jul 16, 2026 - 11:55
 0  54
केतन अग्रवाल हत्याकांड के बीच FDA का बड़ा एक्शन, सिया गोयल के पिता की दुकान से 4,173 किलो खाद्य सामग्री जब्त

केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के बीच महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पुणे में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल की दुकान पर छापेमारी की है। पुणे के मार्केट यार्ड स्थित एम/एस बीजी गोयल एंड कंपनी पर की गई इस कार्रवाई में अधिकारियों ने कथित नियमों के उल्लंघन के आरोप में 4,172 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 8.14 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

FDA के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल चार खाद्य उत्पादों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं। इनमें दो अलग-अलग ब्रांड के हल्दी पाउडर, तिल और सोया मिनी चंक्स शामिल हैं। जब्त किए गए स्टॉक में 598 किलोग्राम एक ब्रांड का हल्दी पाउडर, 1,258 किलोग्राम दूसरे ब्रांड का हल्दी पाउडर, 538 किलोग्राम तिल और 1,778 किलोग्राम सोया मिनी चंक्स शामिल हैं।

FDA ने बताया कि यह कार्रवाई बिना लाइसेंस के गोदाम संचालित करने, खाद्य उत्पादों की लेबलिंग संबंधी नियमों के उल्लंघन और उत्पादों के मानकों के अनुरूप न होने या असुरक्षित होने की आशंका के आधार पर की गई है। फिलहाल सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, FDA ने स्पष्ट किया है कि इस छापेमारी का केतन अग्रवाल हत्याकांड से कोई प्रत्यक्ष संबंध स्थापित नहीं किया गया है। एजेंसी का कहना है कि यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता संबंधी नियमों के पालन को लेकर की गई है।

उधर, केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच भी लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में पुणे ग्रामीण पुलिस की एक टीम राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर पहुंची, जहां सिया गोयल और चेतन चौधरी की कथित शादी की खबरों का सत्यापन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर परिसर की सीसीटीवी फुटेज भी मांगी, लेकिन अधिकारियों के अनुसार वहां से संबंधित फुटेज उपलब्ध नहीं हो सकी। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.