'यह आदमी एक दिन धोखा देगा... 2014 में अनंत तरे ने चेताया था' — उद्धव ठाकरे का शिंदे पर बड़ा बयान
ठाणे (आरएनआई)। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को लेकर एक बड़ा दावा किया है। ठाकरे ने कहा कि दिवंगत शिवसेना नेता और तीन बार ठाणे के मेयर रहे अनंत तरे ने वर्ष 2014 में ही उन्हें शिंदे के बारे में सावधान किया था।
ठाणे में अनंत तरे पर आधारित एक पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में बोलते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, “तरे जी ने उस समय मुझसे कहा था कि ‘यह आदमी एक दिन धोखा देगा’, लेकिन मैंने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। मुझे उनकी चेतावनी पर ध्यान देना चाहिए था।”
उद्धव ठाकरे ने शिंदे का नाम सीधे नहीं लिया, लेकिन संकेत स्पष्ट थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग वफादारी का मुखौटा पहनकर हमारे बीच रहते हैं और हमें पता भी नहीं चलता। अगर मैंने तरे जी की बात मानी होती, तो आज की स्थिति नहीं बनती।
ठाकरे ने ठाणे को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि शहर अब 'शिवसैनिकों का गढ़' नहीं रहा, बल्कि 'ठेकेदारों का शहर' बन गया है। उनके मुताबिक,
“ठाणे में विकास के नाम पर केवल धन की लूट हुई है। पैसे खर्च हुए, लेकिन विकास दिखता कहां है? शहर का खजाना लूटा जा रहा है। हम जल्द ही मुंबई, ठाणे और महाराष्ट्र के खजाने को लूटने वालों के खिलाफ मोर्चा निकालेंगे।”
गौरतलब है कि ठाणे को एकनाथ शिंदे का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र माना जाता है।
इस दौरान ठाकरे ने भाजपा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2014 में शिवसेना ने भाजपा से अलग होकर विधानसभा चुनाव लड़ा था क्योंकि भाजपा पार्टी को खत्म करने की साजिश कर रही थी।
उल्लेखनीय है कि जून 2022 में एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व के खिलाफ बगावत की थी, जिसके चलते महाविकास अघाड़ी की सरकार गिर गई। इसके बाद शिंदे ने भाजपा के साथ मिलकर सत्ता संभाली और मुख्यमंत्री बने।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



