मिजोरम के विधायक लालरिंतलुआंगा सैलो का दिल्ली में निधन, पार्थिव शरीर आज आइजोल लाया जाएगा
मिजोरम के ममित जिले की डम्पा सीट से विधायक लालरिंतलुआंगा सैलो का सोमवार को दिल्ली के मैक्स सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 65 साल के थे और स्क्रब टाइफस समेत कई जटिल बीमारियों से पीड़ित थे। विधायक के निधन पर मिजोरम के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने गहरा दुख जताया है।
आइजोल (आरएनआई) मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के विधायक लालरिंतलुआंगा सैलो का सोमवार को नई दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि डम्पा विधायक की उम्र 65 वर्ष थी। वह स्क्रब टाइफस समेत कई जटिल बीमारियों से पीड़ित थे। विधायक के पार्थिव शरीर को आज आइजोल लाए जाने की संभावना है।
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें 29 जून को तेज बुखार आने के बाद दिल्ली लाया गया था। उनका इलाज मैक्स सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में चल रहा था। हालांकि, शुरुआत में उनकी हालत में थोड़ा सुधार दिखा, लेकिन रविवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें वेंटिलेटर पर रखना पड़ा।
विधायक सैलो का जन्म 1960 में हुआ था। वे एमएनएफ पार्टी में शामिल हो गए थे और 1966 से 1986 तक 20 वर्षों तक चले एक अलगाववादी आंदोलन के दौरान वे भूमिगत रहे थे। उन्होंने 2018 में विधानसभा चुनाव लड़ा और मिजोरम के ममित जिले की डम्पा सीट से कांग्रेस के लालरोबियाका को 1,657 वोटों से हराकर विधायक बने। नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनावों में वे उसी निर्वाचन क्षेत्र से फिर से निर्वाचित हुए।
राज्यपाल विजय कुमार सिंह और मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने सैलो के निधन पर शोक व्यक्त किया। राज्यपाल ने कहा कि उन्हें सैलो के निधन से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। सिंह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'पु लालरिंतलुआंगा सैलो के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। मिजोरम और उसके लोगों के लिए उनके समर्पित योगदान और अथक सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा।'
मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने कहा कि सैलो के आकस्मिक निधन से उन्हें गहरा सदमा लगा है। लालदुहोमा ने सैलो को एक मेहनती और प्रखर व कुशल वक्ता बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने दिल्ली स्थित मिजोरम हाउस के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे हर संभव प्रयास करें और सैलो की पत्नी और बच्चों को उनका पार्थिव शरीर आइजोल लाने में सहायता करें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



