मांगे पूरी न होने पर भाकियू राष्ट्रीयतावादी ने दिया धरना, जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, एडीएम ने एक सप्ताह का दिया समय, अनिश्चितकालीन धरना समाप्त

Tuesday, June 10, 2025 - 19:30
Updated: 1 year ago
0
मांगे पूरी न होने पर भाकियू राष्ट्रीयतावादी ने दिया धरना, जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, एडीएम ने एक सप्ताह का दिया समय, अनिश्चितकालीन धरना समाप्त

फतेहपुर (आरएनआई) विभिन्न ग्राम पंचायतों में सरकारी व किसानों की जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जों की शिकायतों पर खागा तहसील प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से आहत भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीयतावादी गुट के पदाधिकारियों ने नहर कालोनी में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। तत्पश्चात शाम को जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचकर समस्याओं का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। एडीएम से हुई वार्ता में मिले एक सप्ताह के आश्वासन पर अनिश्चितकालीन धरना समाप्त कर दिया गया।

नहर कालोनी प्रांगण में भाकियू राष्ट्रीयतावादी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखण्ड प्रभारी शाहिद शेख की अगुवई में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शेख ने कहा कि कई बार एसडीएम खागा को समस्याओं के बाबत ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन उन्होने कोई कार्रवाई नहीं की। जिससे पीड़ित किसानों ने आक्रोशित होकर नहर कालोनी में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। उन्होने कहा कि ऐसे अधिकारी सरकार की छवि को खराब करने का काम कर रहे हैं। संगठन पीड़ित किसानों के साथ खड़ा है। धरनास्थल पहुंचे नायब तहसीलदार ने वार्ता का प्रयास किया लेकिन कोई बात नहीं बनी। शाम को धरना दे रहे किसान जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट आए और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि खागा तहसील के ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर गौंती में भू-माफियाओं द्वारा किसानों की जमीनों पर किए गए कब्जों को हटवाया जाए। हस्वा ब्लाक की ग्राम पंचायत सखियांव व अचिंतपुर पिटाई में अर्द्धनिर्मित पानी की टंकी का निर्माण तत्काल कराया जाए। आंबापुर हथगाम संपर्क मार्ग का कार्य तत्काल करवाया जाए। खागा तहसील के सोहदमऊ ग्राम पंचायत में पानी टंकी का कार्य करवाया जाए। बुदवन-प्रेमनगर मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कराया जाए। ऐरायां पूर्ति निरीक्षक द्वारा कोटेदारों से की जा रही अवैध वसूली बंद की जाए सहित अन्य मांगे भी शामिल रहीं। तत्पश्चात प्रदेश उपाध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने एडीएम से वार्ता की। एडीएम ने किसानों की समस्याएं सुनने के बाद एक सप्ताह के भीतर मांगों को पूरा किए जाने का आश्वासन दिया। जिस पर धरना समाप्ति की घोषणा की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ठाकुर रिशू चंदेल, प्रयागराज मंडल अध्यक्ष अविनाश वर्मा, ठा0 शिवसागर सिंह, युवा जिलाध्यक्ष ठाकुर उत्तम सिंह, शमीम अहमद, शिवशंकर मौर्य, विवेक सविता, सौरभ यादव, कैसर खान, छोटू सिद्दीकी, ओम प्रकाश यादव, राहुल साहू भी मौजूद रहे।


Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User