मनरेगा का नाम बदले जाने पर ममता बनर्जी का पलटवार: ‘कर्मश्री’ योजना का नाम महात्मा गांधी पर रखेंगे
कोलकाता (आरएनआई)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मनरेगा का नाम बदले जाने को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को उन्होंने घोषणा की कि उनकी सरकार राज्य की ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना ‘कर्मश्री’ का नाम महात्मा गांधी के नाम पर रखेगी। ममता ने कहा कि यदि केंद्र सरकार राष्ट्रपिता का सम्मान नहीं कर सकती, तो पश्चिम बंगाल करेगा।
एक बिजनेस एंड इंडस्ट्री कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि कुछ राजनीतिक दल हमारे राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करने में विफल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाना शर्मनाक है। “अब हम राष्ट्रपिता को भी भूलते जा रहे हैं, लेकिन हमारी सरकार ऐसा नहीं होने देगी। हम ‘कर्मश्री’ योजना को महात्मा गांधी के नाम से जोड़ेंगे,” ममता ने कहा।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा के तहत राज्य का फंड रोक रही है, इसके बावजूद पश्चिम बंगाल सरकार अपने संसाधनों से ‘कर्मश्री’ योजना चला रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत फिलहाल 75 दिनों तक काम दिया जा रहा है और भविष्य में इसे बढ़ाकर 100 दिन करने का लक्ष्य है। ममता ने कहा, “अगर केंद्रीय फंड बंद भी हो जाएं, तब भी हम यह सुनिश्चित करेंगे कि लोगों को काम मिले। हम भिखारी नहीं हैं।”
कार्यक्रम के दौरान ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की आर्थिक और औद्योगिक स्थिति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ बंगाल को बदनाम करना चाहते हैं, जबकि हकीकत यह है कि राज्य तेजी से बदल रहा है और एक वर्ल्ड-क्लास डेस्टिनेशन बन चुका है। उन्होंने उद्योगपतियों की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में निवेश का माहौल मजबूत हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल आज भारत के सबसे बड़े लॉजिस्टिक्स हब में से एक है और वर्ल्ड बैंक लॉजिस्टिक्स व एक्सपोर्ट ग्रोथ के लिए राज्य के साथ साझेदारी कर रहा है। इसी वजह से अमेजन जैसी वैश्विक कंपनियां बंगाल में निवेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल दक्षिण-पूर्व एशिया, पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी भारत और खास तौर पर बांग्लादेश, भूटान व नेपाल का गेटवे है, साथ ही बिहार, झारखंड और ओडिशा जैसे राज्यों के लिए भी प्रवेश द्वार की भूमिका निभा रहा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



