मध्‍य प्रदेश में सात साल बाद होने जा रही है पुलिस सब इंस्‍पेक्‍टर भर्ती, शासन ने जारी किया नोटिफिकेशन

Saturday, January 25, 2025 - 21:02
Updated: 2 years ago
0

भोपाल (आरएनआई) प्रदेश पुलिस के सामने नई चुनौतियों को देखते हुए शासन ने उप निरीक्षकों (एसआइ) भर्ती की परीक्षा पद्धति में परिवर्तन किया है। अब मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) की तरह प्रारंभिक परीक्षा भी होगी। इसमें सफल होने पर लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीपीटी) होगी। पीपीटी में न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक लाने पर ही अभ्यर्थी को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।

- पहले साक्षात्कार नहीं लिया जाता था। अब लिखित परीक्षा, पीपीटी और साक्षात्कार के अंक जोड़कर प्रावीण्य सूची तैयार की जाएगी।

- राज्य शासन ने भर्ती नियमों के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही प्रदेश में पुलिस उप निरीक्षकों की भर्ती का रास्ता साफ हो गया है।

- सात वर्ष बाद उप निरीक्षकों की भर्ती होने जा रही है। तकनीकी और गैर तकनीकी मिलाकर लगभग 500 पदों पर भर्ती की तैयारी है।

- अब कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) से भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ होगी।

- हालांकि, अब कर्मचारी चयन मंडल को निर्णय लेना है कि वह इस वर्ष परीक्षा करवा पाता है या नहीं।

- क्योंकि वर्ष 2025 के लिए भर्ती कैलेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है।

परीक्षा का पाठ्यक्रम भी बदला गया है। लिखित परीक्षा में पुलिस के सामने नई चुनौतियां जैसे साइबर अपराध, संचार तकनीक के साथ आने वाली चुनौतियां, इंटरनेट मीडिया, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जीआइएस, जीपीएस आदि के बारे में भी प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके अतिरिक्त लोकतंत्र और पुलिस, गरीबी और भूख, संगठित अपराध और आतंकवाद से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे।

ऐसी होगी परीक्षा योजना :

1. प्रारंभिक परीक्षा - दो घंटे में कुल 100 अंक के वस्तुनिष्ठ 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। ऋणात्मक मूल्यांकन (नेगेटिव मार्किंग) नहीं होगा।

लिखित परीक्षा - दो प्रश्न पत्र होंगे। प्रत्येक प्रश्न पत्र में दो खंड होंगे। प्रत्येक खंड 150 अंकों का होगा। इस तरह कुल 600 अंक होंगे। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे। ऋणात्मक मूल्यांकन होगा। रिक्त पदों का 10 गुना उम्मीदवारों को द्वितीय चरण की परीक्षा में बुलाया जाएगा।

2. शारीरिक दक्षता परीक्षा - इसके कुल 100 अंक होंगे। इसमें 800 मीटर की दौड़ के 40 अंक, लंबी कूद के लिए 30 अंक और गोला फेंक के लिए 30 अंक रहेंगे।

3. साक्षात्कार - इसके 50 अंक होंगे। रिक्त पद के तीन गुना उम्मीदवारों को इसके लिए बुलाया जाएगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User