मधुसूदनगढ़ नगर परिषद में सियासी हलचल: अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर 9 सितंबर को होगी सुनवाई, 11 पार्षद लामबंद, कलेक्टर ने तय की तारीख
गुना (आरएनआई) जिले की मधुसूदनगढ़ नगर परिषद में राजनीतिक घमासान और तेज हो गया है। परिषद के 11 पार्षदों ने अध्यक्ष श्यामलाल (श्याम) अहिरवार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया है। इस प्रस्ताव को लेकर कलेक्टर कार्यालय ने 9 सितंबर की शाम 4:30 बजे सुनवाई की तारीख तय कर दी है। कलेक्ट्रेट परिसर में सभी आवेदक पार्षदों को अपने-अपने पहचान पत्रों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्षदों का आरोप— विकास ठप, बैठकों का अभाव
आवेदन में पार्षदों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि परिषद गठन के बाद से अब तक वार्डों में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ है। सड़क, नाली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर नागरिक परेशान हैं, लेकिन परिषद की बैठकों का आयोजन तक समय पर नहीं किया जा रहा। पार्षदों का कहना है कि परिषद की कार्यप्रणाली पूरी तरह अव्यवस्थित है और इससे जनता का भरोसा डगमगाने लगा है।
उपाध्यक्ष भी विरोधियों के पाले में इस अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वालों में उपाध्यक्ष कौशलेन्द्र अग्रवाल भी शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 2, 3, 4, 5, 6, 7, 8, 9, 10, 12 और 13 के पार्षदों ने एकजुट होकर अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्षदों ने साफ कहा कि अब परिषद में अध्यक्ष के साथ काम करना संभव नहीं है, लिहाजा उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए।
कलेक्टर की ओर से सख्त प्रक्रिया
कलेक्टर गुना की ओर से जारी सूचना-पत्र में स्पष्ट कर दिया गया है कि अविश्वास प्रस्ताव मप्र नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 43 (क) की उपधारा (1) और (2) के अंतर्गत प्रस्तुत किया गया है। इस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विशेष बैठक बुलाकर पार्षदों की उपस्थिति में मतदान कराया जाएगा।
राजनीतिक माहौल गरमाया
अविश्वास प्रस्ताव की इस कार्यवाही ने नगर परिषद की राजनीति को पूरी तरह गरमा दिया है। समर्थक और विरोधी खेमे आमने-सामने आ गए हैं। नगर के नागरिक भी अब इस बात पर नजर लगाए हुए हैं कि 9 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय में होने वाली कार्यवाही का परिणाम क्या होगा। यदि प्रस्ताव पारित हो जाता है तो परिषद की सत्ता समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



