कलेक्टर ने किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक की, पारदर्शिता पर दिया जोर
“किसानों के हित सर्वोपरि, हर हाल में पारदर्शी होगा उर्वरक वितरण” – कलेक्टर
गुना (आरएनआई) कलेक्टर की अध्यक्षता में किसान प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि उपसंचालक संजीव शर्मा, सीईओ डीसीसीवी कमल मकासरे, डीएमओ गुना राधेश्याम निगम सहित विभिन्न किसान संघों और यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा खाद एवं उर्वरक का वितरण अधिक से अधिक समितियों के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वितरण प्रक्रिया में किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहें ताकि पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मुख्यमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों पर भी चर्चा की।उन्होंने कहा कि इस बार किसानों को टोकन लेने में होने वाली परेशानियों को खत्म किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था और टोल फ्री नंबर जारी करने पर विचार किया जा रहा है।
बैठक में किसान प्रतिनिधियों ने भी कई सुझाव दिए। प्रतिनिधियों ने कहा कि वितरण केवल समिति के माध्यम से हो और किसानों की पहचान पत्र व किताब की पुष्टि के बाद ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सोसाइटी को विक्रय केंद्र के रूप में कार्य करने की बात कही। किसानों ने नैनो यूरिया और डीएपी के अच्छे परिणामों का उल्लेख करते हुए इनके प्रति अधिक जागरूकता फैलाने की मांग भी की।
किसान संघों के प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि वे जैविक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं। इस पर कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्देश दिए कि कृषि विभाग हर महीने जैविक खेती करने वाले किसानों के साथ बैठक आयोजित करे, ताकि उनकी प्रक्रिया को समझकर उसे प्रोत्साहित किया जा सके।
कृषि उपसंचालक श्री शर्मा ने किसानों को सलाह दी कि खाद और डीएपी की खरीद केवल लाइसेंसधारी दुकानों से ही करें। उन्होंने डीएपी की शुद्धता जांचने के तरीकों की जानकारी भी दी।
कलेक्टर श्री कन्याल ने सख्त और स्पष्ट शब्दों में निर्देश देते हुए कहा, जिले में कहीं भी कालाबाजारी की शिकायत मिलते ही संबंधित का लाइसेंस निरस्त कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। प्रशासन किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और हर किसान तक समय पर और पारदर्शी तरीके से उर्वरक पहुँचाना ही प्राथमिकता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



