मथुरा: यमुना में गिर रहे नालों पर जताई नाराजगी...विधायक ने चलाया सफाई अभियान
विधायक ने अधिकारियों से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाने और उद्योगों पर निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए। ताकि गंदे नालों का पानी यमुना तक न आए।

मथुरा (आरएनआई) मथुरा में गंगा दशहरा बीतने के बाद भी यमुना सफाई पर जोर दिया जा रहा है। शनिवार को विधायक श्रीकांत शर्मा ने विभिन्न घाटों पर सफाई अभियान चलवाया। साथ ही प्लास्टिक मुक्त घाट होने की प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान उन्होंने यमुना में गंदे नालों को पूर्ण रूप से प्रतिबंध करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने शनिवार सुबह छह बजे भाजपा पदाधिकारी व नगर निगम के अधिकारियों के साथ स्वामी घाट और बंगाली घाट समेत विभिन्न स्थानों पर सफाई कराई। उन्होंने खुद झाड़ू लेकर यमुना में बह रही गंदगी को बाहर निकाला। साथ ही यमुना में गिर रहे गंदे नालों पर नाराजगी जताई। कहा है कि यमुना केवल एक नदी नहीं, हमारे श्रद्धा और संस्कृति की जीवनधारा है। आज जिस प्रकार उसमें प्लास्टिक, केमिकल और गंदगी प्रवाहित हो रही है, यह हमारी लापरवाही को दर्शाती है।
उन्होंने सफाई पर जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और यमुना की पवित्रता तभी बनी रह सकती है जब सभी लोग अपनी जिम्मेदारी समझें। उन्होंने अधिकारियों से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाने और उद्योगों पर निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए। ताकि गंदे नालों का पानी यमुना तक न आए। साथ ही श्रद्धालुओं व लोगों से अपील की कि वे पूजन सामग्री, प्लास्टिक और गंदगी यमुना में न डालें।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि यमुना की हालत देखकर मन व्यथित है। हेमंत खंदौली, कुंज बिहारी, पार्षद विजय शर्मा, मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, नरेश शर्मा, अखिलेश मिश्रा, आशीष शर्मा, नट्टू पंडित, विवेक शर्मा, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?






