भाजपा सांसद राजू बिष्टा के काफिले पर हमला, शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी पर साधा निशाना
कोलकाता (आरएनआई)। दार्जिलिंग में भाजपा सांसद राजू बिष्टा के काफिले पर हुए हमले को लेकर पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को जिम्मेदार ठहराते हुए इसे "हताशा और डर की अभिव्यक्ति" बताया।
शनिवार को यह हमला दार्जिलिंग के सुखिया पोखरी के पास मसधुरा इलाके में हुआ। काफिले की एक गाड़ी पर कुछ अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंके, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि जिस गाड़ी पर हमला हुआ, उसमें सांसद राजू बिष्टा मौजूद नहीं थे।
भाजपा सांसद ने इस घटना को कायराना हमला बताते हुए इसे पहले भाजपा नेताओं पर हुए हमलों की कड़ी में जोड़ा। उन्होंने कहा कि इस हमले का समय संदिग्ध है और यह क्षेत्र में शांति भंग करने की साजिश का संकेत देता है।
शुभेंदु अधिकारी का बयान
शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“मैं दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्टा जी पर मसधुरा में हुए कायराना हमले की कड़ी निंदा करता हूं। यह घटना सांसद खगेन मुर्मू और विधायक डॉ. शंकर घोष पर हुए जानलेवा हमले के बाद सामने आई है। टीएमसी के गुंडों ने उनके काफिले को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाने की नीयत से निशाना बनाया। यह हमला उनकी हताशा और भय को दर्शाता है। विनाशकारी बाढ़ के बाद राजू बिष्टा के राहत कार्यों ने टीएमसी को असहज किया है, इसलिए उन्हें रोकने के लिए इस तरह के घिनौने हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। लेकिन ये हमले हमारे संकल्प को और मजबूत करेंगे।”
उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग ही नहीं, पूरे पश्चिम बंगाल के लोग राजू बिष्टा के साथ खड़े हैं और वह सेवा के कार्य पहले से दोगुने जोश के साथ जारी रखेंगे।
राजू बिष्टा की प्रतिक्रिया
हमले के बाद एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राजू बिष्टा ने लिखा,
“सुखिया पोखरी के पास मसधुरा में मेरे काफिले पर अज्ञात बदमाशों ने हमला किया। निशाना मुझे बनाया गया था, लेकिन असर मेरे ठीक पीछे वाली गाड़ी पर पड़ा। हमारे क्षेत्र के लिए वार्ताकार की घोषणा के तुरंत बाद इस घटना का होना बेहद संदिग्ध है और यह शांति भंग करने की साजिश की ओर इशारा करता है।”
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



