अफगानिस्तान और पाकिस्तान तत्काल संघर्ष विराम पर सहमत, कतर ने की मध्यस्थता
दोहा (आरएनआई)। एक सप्ताह तक चले सैन्य तनाव और हिंसक झड़पों के बाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान ने तत्काल संघर्ष विराम पर सहमति जताई है। कतर के विदेश मंत्रालय ने रविवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों देशों ने शांति बहाली और आगे की कार्ययोजना पर बातचीत जारी रखने का निर्णय लिया है।
संघर्ष विराम पर सहमति दोहा में हुई वार्ता के दौरान बनी, जिसमें दोनों देशों के रक्षा मंत्री शामिल थे। कतर ने कहा कि आने वाले दिनों में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए एक संयुक्त तंत्र बनाने पर बातचीत आगे बढ़ाई जाएगी। इस एक सप्ताह की मुठभेड़ों में दर्जनों की मौत और सैकड़ों घायल हुए थे।
वार्ता का मुख्य फोकस
पाकिस्तान के अनुसार चर्चा का केंद्र सीमा पार आतंकवाद को रोकना और सीमावर्ती इलाकों में शांति बहाल करना रहा। अफगानिस्तान की ओर से आतंकवादी तत्वों को संरक्षण देने से इनकार किया गया।
सऊदी अरब, कतर, तुर्किए और अन्य क्षेत्रीय देशों ने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की थी। आशंका जताई जा रही थी कि इस टकराव से इस्लामिक स्टेट और अल-कायदा जैसे आतंकी गुट फिर से सक्रिय हो सकते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता पैदा होगी।
संघर्ष विराम के दौरान भी हमले
इससे पहले शुक्रवार को 48 घंटे का संघर्ष विराम लागू हुआ था, लेकिन हिंसा थमी नहीं। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हवाई कार्रवाई की, जिसमें तीन क्रिकेटरों सहित आठ लोगों की मौत हुई। पाकिस्तान ने कहा कि यह हमला खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षाबल पर आत्मघाती हमले की प्रतिक्रिया में था और इसमें नागरिकों की मौत का दावा गलत बताया।
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तानी कार्रवाइयों को अफगान संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान 2,611 किलोमीटर लंबी डूरंड रेखा साझा करते हैं, लेकिन अफगानिस्तान इस सीमा को आधिकारिक रूप से मान्यता नहीं देता।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



