बीएसएफ के जवानों की गुहार पर भड़के योगी, जनता दरबार में जमीन विवाद पर तुरंत एक्शन
लखनऊ (आरएनआई)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में उस समय माहौल गंभीर हो गया जब बीएसएफ के दो जवान वर्दी, बैज और कैप लगाए अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। जवानों के साथ एक बुजुर्ग व्यक्ति भी हाथ जोड़कर खड़ा था। सीएम योगी आवेदन देखने के बाद अधिकारियों को निर्देश ही दे रहे थे कि जवानों की बात सुनते ही उनका गुस्सा भड़क उठा। मामला बुलंदशहर के एक कथित भूमाफिया द्वारा जवानों की जमीन पर कब्जे की कोशिश से जुड़ा था।
जवानों की व्यथा सुनकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कड़े शब्दों में कहा कि जवान देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात होते हैं, इसलिए उनके परिवार की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। उन्होंने तत्काल जांच और समाधान के निर्देश दिए। जवानों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया, क्योंकि जमीन विवादों में अक्सर लोगों को अदालत जाने की सलाह देकर मामले को लंबा खींच दिया जाता है, लेकिन योगी ने मौके पर ही कार्रवाई शुरू करवा दी।
इस घटना के बाद सवाल उठने लगे कि आखिर बुलंदशहर में वह कौन सा भूमाफिया है जो योगीराज में भी सुरक्षा बलों के परिवारों की जमीन पर नजर डाल रहा है। जांच शुरू कर दी गई है और उसके पारिवारिक विवाद या किसी अन्य कारण से जुड़ा होने की पुष्टि के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी जनता दरबार में एक और भावुक दृश्य सामने आया जब ऐशबाग की एक महिला सात महीने के दिल से बीमार बच्चे को लेकर सीएम आवास पहुंची। महिला की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और उसने मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने तुरंत बच्चे को एंबुलेंस से केजीएमयू भेजने और उसके इलाज का पूरा इंतजाम करने का आदेश दिया।
दिनभर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 60 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सेवा सरकार का पहला कर्तव्य है और इसी उद्देश्य से लगातार जनता दरबार लगाया जा रहा है।
योगी के जनता दरबार में ऐसे पहुंचे
जो लोग अपनी शिकायत सीधे सीएम तक पहुंचाना चाहते हैं, वे इस प्रक्रिया का पालन कर सकते हैं:
पहले मीडिया और सीएम के सोशल मीडिया पेज से पता करें कि योगी लखनऊ में हैं या गोरखपुर में।
इसके बाद सीएम कार्यालय के नंबरों—0522-2236181, 0522-2289010, 0522-2236167 या 0522-2239234—पर कॉल कर जनता दरबार की तारीख और जगह की जानकारी लें।
यूपी सरकार की वेबसाइट या जनसुनवाई पोर्टल पर भी नोटिफिकेशन उपलब्ध होता है।
जनता दरबार वाले दिन सुबह स्थान पर पहुंचकर रजिस्ट्रेशन कराएं और टोकन लें।
टोकन नंबर आने पर सीएम योगी खुद आपके पास आएंगे, समस्या सुनेंगे और समाधान के निर्देश देंगे।
प्रदेश के किसी भी कोने में रहने वाले लोग अपनी शिकायत लेकर सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंच सकते हैं और सरकारी तंत्र तक आवाज पहुंचाने में होने वाली दिक्कतों से बच सकते हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



