6 हफ्तों में 100 लाख करोड़ रुपये हुए साफ! बिटकॉइन-इथेरियम Crash ने हिलाया ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट
नई दिल्ली (आरएनआई)। क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में बीते छह हफ्तों में ऐसी गिरावट आई है जिसने दुनिया भर के निवेशकों की नींद उड़ा दी है। कभी रिकॉर्ड हाई पर जा चुका क्रिप्टो बाजार अचानक ऐसी ढलान पर पहुंच गया कि लगभग 100 लाख करोड़ रुपये निवेशकों की जेब से गायब हो गए। मार्केट में आई यह गिरावट अब तक के इतिहास के सबसे बड़े क्रैश में गिनी जा रही है।
Coinmarketcap के आंकड़ों के अनुसार 7 अक्टूबर को ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप 4.28 ट्रिलियन डॉलर था, जो बुधवार शाम 6 बजे घटकर 3.13 ट्रिलियन डॉलर पर आ गया। यानी महज छह हफ्तों में 1.15 ट्रिलियन डॉलर, यानी करीब 100 लाख करोड़ रुपये बाजार से उड़ गए। इतना बड़ा नुकसान अब तक क्रिप्टो दुनिया में बहुत कम देखने को मिला है।
बिटकॉइन, जो दुनिया की सबसे कीमती क्रिप्टोकरेंसी मानी जाती है, इस गिरावट से बुरी तरह प्रभावित हुई। छह हफ्ते पहले यह 1,26,000 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर थी, लेकिन अब यह करीब 91,400 डॉलर पर कारोबार कर रही है। यह करीब 27% की गिरावट है। मंगलवार को तो बिटकॉइन 90,000 डॉलर के नीचे भी फिसल गई, जो सात महीने में पहली बार था, जिससे 2025 में अब तक की पूरी बढ़त साफ हो गई।
सिर्फ बिटकॉइन ही नहीं, बल्कि अन्य बड़े कॉइन्स में भी निवेशकों को जबरदस्त नुकसान हुआ है। पिछले सात दिनों में इथेरियम 13%, सोलाना 13%, रिपल (XRP) 12%, डॉगकॉइन 10% और शिबा इनू 12% टूटा है। पूरा बाजार लाल निशान में डूबा दिखाई दे रहा है।
एक्सपर्ट्स इस बड़े क्रैश के पीछे कई कारण बता रहे हैं, जिनमें अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होना, ETF से भारी पैसा निकलना, लिवरेज ट्रेड्स का लिक्विडेशन, बड़े निवेशकों की मुनाफावसूली और ट्रेडर्स द्वारा रिस्क कम करने की रणनीति प्रमुख हैं। डर और बिकवाली का माहौल इतना गहरा गया कि बिटकॉइन फ्यूचर्स की कीमतें स्पॉट मार्केट से नीचे आ गईं, जो अस्थिरता और पैनिक का संकेत माना जाता है।
मार्केट विश्लेषक इस समय दो खेमों में बंटे हैं। एक हिस्सा इसे क्रिप्टो विंटर की वापसी मान रहा है, जबकि दूसरा मानता है कि इतनी बड़ी गिरावट के बाद मार्केट में मजबूत Recovery देखने को मिल सकती है। निवेशकों के लिए आने वाले हफ्ते बेहद निर्णायक रहने वाले हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



