बिहार चुनाव परिणाम पर भाजपा ने कहा—जनता का जागरूक जनादेश, प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार पर विश्वास की जीत
गुना (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले के हनुमान चौराहे पर आतिशबाज़ी कर मिठाइयाँ बाँटकर जश्न मनाया। पार्टी नेताओं ने इस जनादेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों पर जनता के भरोसे का परिणाम बताया।
पार्टी जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जनता ने भारी बहुमत देकर कांग्रेस और विपक्षी दलों की जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों चरणों में हुए रिकॉर्ड मतदान ने पहले ही संकेत दे दिया था कि बिहार की जनता एनडीए को दोबारा सत्ता देना चाहती है।उन्होंने कहा, “इस चुनाव में महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया और भाजपा व एनडीए प्रत्याशियों को समर्थन देकर विकास और सुशासन के पक्ष में जनादेश दिया।”
भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि बिहार में मिले इस प्रचंड बहुमत ने साबित कर दिया है कि जनता का भरोसा एनडीए की नीतियों, नेतृत्व और काम करने की शैली पर कायम है। उन्होंने चुनाव आयोग और प्रशासन को शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि जनता का यह अपार समर्थन एक सशक्त, समृद्ध और विकसित बिहार की दिशा में उठाया गया निर्णायक कदम है।
चाँचोड़ा विधायक प्रियंका पेंची ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दलों ने भाजपा पर “वोट चोर” जैसे आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन बिहार के मतदाताओं ने प्रचंड बहुमत देकर उन्हें करारा जवाब दिया।
उन्होंने कहा, “महिलाओं, युवाओं और किसानों ने भारी संख्या में भाजपा और एनडीए को वोट देकर यह दिखा दिया कि वे विकास, प्रगति और पारदर्शी शासन व्यवस्था के साथ खड़े हैं। झूठ, लूट और भ्रम की राजनीति को जनता ने स्पष्ट रूप से नकार दिया है।”
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष धरम सोनी, हरिसिंह यादव सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



