बंगलूरू–महाराष्ट्र में मेफेड्रोन तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, चार गिरफ्तार; 4.2 किलो ड्रग्स और कच्चा माल जब्त
मुंबई (आरएनआई)। ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत महाराष्ट्र की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), बंगलूरू सिटी पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए मेफेड्रोन तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस अभियान में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और उसके निर्माण से जुड़ा कच्चा माल जब्त किया गया है।
जांच के दौरान कुल 4.2 किलोग्राम मेफेड्रोन बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही 17 किलोग्राम कच्चा रॉ मटीरियल, बैरल, मिक्सर और अन्य उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं, जिनका इस्तेमाल ड्रग्स तैयार करने में किया जाता है।
इस कार्रवाई की शुरुआत 21 दिसंबर को मुंबई से हुई, जब पुलिस ने अब्दुल खादर को करीब 1.5 किलो मेफेड्रोन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके संपर्क बंगलूरू के प्रशांत पाटिल से जुड़े पाए गए। इसके बाद संयुक्त टीम ने सुरेश यादव और मलखान रामलाल बिश्नोई को भी गिरफ्तार कर लिया। आगे की छानबीन में अलग-अलग स्थानों से कच्चा माल और उपकरण बरामद किए गए, हालांकि कोई सक्रिय लैब मौके पर नहीं मिली।
फॉरेंसिक जांच में यह सामने आया कि जब्त पदार्थ में मेथिलामाइन, हाइड्रोब्रोमिक एसिड, एल्यूमिनियम क्लोराइड, सोडियम कार्बोनेट और ऑक्सैलिक एसिड जैसे रसायन शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल मेफेड्रोन बनाने में किया जाता है। परीक्षण में यह भी पाया गया कि तैयार ड्रग्स में एम्फेटामिन मौजूद था, जबकि मेथाम्फेटामिन और एमडीएमए नहीं मिले।
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े ड्रग्स और सामग्री की कुल कीमत करीब 55 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह संयुक्त अभियान 24 और 25 दिसंबर को चलाया गया था, जिसके बाद सभी आरोपियों को 26 दिसंबर को देवनहल्ली कोर्ट में पेश किया गया। एजेंसियों का कहना है कि इस कार्रवाई से दक्षिण भारत और महाराष्ट्र में सक्रिय ड्रग्स तस्करी गिरोह को बड़ा झटका लगा है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)