फिंगेश्वर में अंत्योदय कौशल विकास आवासीय विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु पहल तेज

Mar 22, 2026 - 19:07
 0  621
फिंगेश्वर में अंत्योदय कौशल विकास आवासीय विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु पहल तेज

महासमुंद (आरएनआई) महासमुंद लोकसभा क्षेत्र जिला महासमुंद एवं गरियाबंद जिले के लिए फिंगेश्वर (जिला गरियाबंद) के ग्राम बोरीद में अंत्योदय कौशल विकास आवासीय विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक सर्व समाज समन्वय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक प्रोफेसर (डॉ.) संजीव कर्मकार “वशिष्ठ” के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के अनेक सरपंचों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बैठक के दौरान प्रस्तावित विश्वविद्यालय की आवश्यकता, उसके सामाजिक एवं शैक्षणिक महत्व तथा क्षेत्रीय विकास में उसकी भूमिका पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। प्रोफेसर (डॉ.) संजीव कर्मकार “वशिष्ठ” ने अपने संबोधन में कहा कि यह विश्वविद्यालय ‘अंत्योदय’ की मूल भावना पर आधारित होगा, जिसका प्रमुख उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान विशेष रूप से ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा क्षेत्र में समावेशी विकास को गति प्रदान करेगा।

बैठक के उपरांत प्रोफेसर संजीव ने स्थानीय तहसीलदार श्रीमती डिम्पल ध्रुव से सौजन्य भेंट कर विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु लगभग 100 से 150 एकड़ भूमि की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भूमि चिन्हांकन एवं संबंधित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने का आग्रह किया, ताकि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द ही क्रियान्वित किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर (डॉ.) संजीव कर्मकार “वशिष्ठ” वर्ष 2023 से इस विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने इस विषय को सर्व समाज समन्वय महासभा के माध्यम से विभिन्न मंचों पर प्रमुखता से उठाया है तथा भाजपा संगठन छत्तीसगढ़ के समक्ष इसे एक महत्वपूर्ण मांग के रूप में प्रस्तुत किया है। इस पहल को संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है तथा राज्यपाल महोदय से भेंट कर भी इस विषय पर सकारात्मक चर्चा की जा चुकी है।

इसी क्रम में उन्होंने बसना, राजिम, महासमुंद एवं सरायपाली क्षेत्र के माननीय विधायकों—श्री सम्पत अग्रवाल, श्री रोहित साहू, श्री योगेश्वर राजू सिन्हा एवं श्रीमती चातुरीनंद—से भेंट कर उनका अनुमोदन प्राप्त किया। साथ ही महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी से भी इस विषय पर चर्चा कर समर्थन प्राप्त किया गया है।

बैठक में समाजसेवी तेजराम साहू, जनसेवक पुष्पकर साहेब, माखन लाल ध्रुव, नरेश कुमार टंडन, राजकुमार सिन्हा, चुम्मन सिन्हा, जाकिर खान, अशोक साहू सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्रस्तावित विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा के सिद्धांतों पर आधारित होगा, जिसमें विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कृषि, वाणिज्य, कला, संस्कार एवं सनातन मूल्यों के साथ-साथ शोध एवं नवाचार को विशेष महत्व दिया जाएगा। यह विश्वविद्यालय महासमुंद, गरियाबंद एवं धमतरी जिलों के युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता का एक सशक्त केंद्र बनकर उभरेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.