फर्जी पुलिस बनकर लोगों को धमकाने वाले तीन ठग गिरफ्तार

Nov 24, 2025 - 21:37
Nov 24, 2025 - 21:40
 0  378
फर्जी पुलिस बनकर लोगों को धमकाने वाले तीन ठग गिरफ्तार

फतेहपुर (आरएनआई) आपका अश्लील वीडियो वायरल हो जाएगा, मुकदमा दर्ज हो चुका है, अभी पैसे ट्रांसफर करो वरना घर पर पुलिस आएगी ये डायलॉग बोलकर महीनों से सैकड़ों लोगों को लूटने वाले खतरनाक सेक्सटॉर्शन गिरोह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। साइबर क्राइम थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह की टीम ने रविवार दोपहर करीब एक बजे गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर में नहर की पटरी पर स्थित बड़ के पेड़ के नीचे छापा मारकर तीन शातिर ठगों को रंगे हाथों पकड़ा। ये ठग फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर बिहार, यूपी, झारखंड और एमपी के लोगों को निशाना बनाते थे। पकड़े गए ठगों में त्रिभुवन सिंह उर्फ राम सनेही, राहुल सिंह व जितेन्द्र सिंह शामिल हैं। पुलिस ने मौके से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए। जिनसे लगातार कॉलिंग हो रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त फर्जी आधार कार्ड से अलग-अलग नाम-पतों पर सिम लेते थे। गांव से बाहर पेड़ के नीचे ग्रुप बनाकर बैठते और कॉलिंग करते थे। सिर्फ हिंदी बोलने वाले राज्यों के नंबर टारगेट करते थे। एक नंबर मिलने पर अगले नंबर में सिर्फ एक-दो अंक बदलकर चेन बनाते थे। पैसे जनसेवा केंद्रों के खातों में मंगवाकर तुरंत निकाल लेते थे। इस गिरोह से अब तक बस्ती, गाजियाबाद, सहारनपुर, सोनभद्र, कानपुर, वाराणसी, खीरी समेत कई जिलों के लोग ठगे जा चुके हैं। एनसीआरबी पोर्टल पर इनके खिलाफ आठ से ज्यादा शिकायतें दर्ज हैं। साइबर थाने में मु.अ.सं. 34/2025 धारा 319(2), 318(2), 3(5), 338, 308(6) बीएनएस एवं 66सी/66डीआईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों को न्यायालय भेजा गया। एएसपी ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों और उनके बैंक खातों-सिम के सोर्स की तलाश तेज कर दी गई है। कई जनसेवा केंद्रों के खाते भी फ्रीज किए गए हैं।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 1