पेची में फिर सड़क हादसा, युवती की मौत से भड़का आक्रोश — सुरक्षा में NHAI और प्रशासन की खुली पोल

Dec 10, 2025 - 16:11
Dec 10, 2025 - 16:13
 0  189
पेची में फिर सड़क हादसा, युवती की मौत से भड़का आक्रोश — सुरक्षा में NHAI और प्रशासन की खुली पोल

गुना/चाचौड़ा (आरएनआई) नेशनल हाईवे-46 पर स्थित पेची गांव में बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक नवयुवती की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवती का शरीर कई फीट हवा में उछलकर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह घटना ग्रामीणों के लंबे समय से उठाए जा रहे सड़क सुरक्षा मुद्दों की फिर से पुष्टि कर गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जगह पर अब तक 13 से ज़्यादा जानें जा चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा उपाय आज तक कागज़ों में ही सिमटे हुए हैं। ग्रामीणों द्वारा बार-बार अंडरपास की मांग करने के बावजूद NHAI और प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए।

हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब 8 दिसंबर को NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने लिखित में इस स्थान को “ब्लैक स्पॉट नहीं” बताया था और सुरक्षा इंतज़ाम को पर्याप्त माना था। दो दिन के अंदर ही मौत की ये घटना उस दावे पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि NHAI ने फुट ओवरब्रिज का हवाला देकर अंडरपास की मांग को खारिज कर दिया जबकि ब्रिज आबादी से काफी दूर और अप्रयोज्य है, जिससे लोग मजबूरन सड़क पार करते हैं और जोखिम उठाते हैं।

स्थानीय भाजपा विधायक प्रियंका मीना द्वारा लिखे गए पत्र को भी नजरअंदाज़ कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि कलेक्टर सहित जिम्मेदार अधिकारी हर घटना को मात्र संयोग बताकर टालते रहे और उनकी चुप्पी वजह बनी कि हादसों की यह श्रृंखला थम नहीं रही।

इधर, इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है और आगे की जानकारी मांगी है। ग्रामीणों की स्पष्ट मांग है कि, “अगर अंडरपास नहीं बना सकते तो कम से कम ऐसी व्यवस्था करें कि लोग ज़िंदा सड़क पार कर सकें।”

इसी बीच, हाई कोर्ट एडवोकेट नवल किशोर चतुर्वेदी ने कहा कि यह घटना दुर्घटना नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही से हुई हत्या है और इसके खिलाफ हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की जाएगी। साथ ही मृतका के परिवार को 1 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग भी रखी जाएगी।

पेची क्षेत्र के लोग अब सिर्फ एक सवाल पूछ रहे हैं— “और कितनी लाशें गिरेंगी, तब जाकर इस सड़क को ब्लैक स्पॉट माना जाएगा?”

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0