तरनतारन में दो युवकों की हत्या, सड़क किनारे मिले शव
तरनतारन के चोहला साहिब थाना क्षेत्र के गांव पखोपुर में बुधवार सुबह दो युवकों के शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवकों की गोली मारकर हत्या की गई थी। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जिसके बाद से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान गुरजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला (26) पुत्र कुलवंत सिंह निवासी गांव खारा और पलविंदर सिंह उर्फ पिंदी (23) पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी गांव पखोपुर के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में परिचित बताए जा रहे हैं। परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार दोनों की शादी हो चुकी थी।
बुधवार सुबह सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार वारदात के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
डीएसपी हरिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। मृतकों के परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल दोहरे हत्याकांड के बाद पखोपुर और आसपास के गांवों में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)