पीएम मोदी के इस्राइल दौरे पर कांग्रेस का हमला, सलमान खुर्शीद बोले– गलत समय पर हुई यात्रा
नई दिल्ली (आरएनआई)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया इस्राइल दौरे की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘गलत समय’ पर किया गया कदम बताया है। पार्टी का कहना है कि इस यात्रा से बिना उकसावे की सैन्य कार्रवाई को मौन समर्थन देने की धारणा बन सकती है, जो भारत की पारंपरिक विदेश नीति के विपरीत है।
कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के अध्यक्ष और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने बयान जारी कर कहा कि 25–26 फरवरी के बीच पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और व्यापक संघर्ष के खतरे के बीच प्रधानमंत्री की इस्राइल यात्रा को लेकर पार्टी गहरी चिंता में है। उन्होंने कहा कि यह दौरा पक्षपातपूर्ण झुकाव का संकेत देता है और इससे क्षेत्रीय सैन्य तनाव को राजनीतिक समर्थन मिलने की छवि बनती है, जिसके गंभीर रणनीतिक परिणाम हो सकते हैं।
खुर्शीद ने कहा कि भारत की विदेश नीति ‘वसुधैव कुटुंबकम’, महात्मा गांधी के अहिंसा सिद्धांत, जवाहरलाल नेहरू की गुटनिरपेक्षता और भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51 में निहित अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान पर आधारित रही है। ऐसे में मौजूदा परिस्थितियों में यह यात्रा भारत की ऐतिहासिक प्रतिबद्धताओं के अनुरूप नहीं दिखती।
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा के तुरंत बाद इस्राइल और अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया जाना चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के महीनों में क्षेत्र में सैन्य जमावड़े के संकेत स्पष्ट थे, इसके बावजूद यह दौरा किया गया।
कांग्रेस ने कहा कि यह यात्रा राष्ट्रीय चुनावों से पहले किसी मौजूदा सरकार के प्रति समर्थन का संदेश भी दे सकती है। पार्टी के अनुसार, भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर संतुलित और नियम-आधारित वैश्विक व्यवस्था के पक्ष में खड़ा रहना चाहिए, न कि किसी संभावित सैन्य टकराव के बीच किसी एक पक्ष के साथ दिखाई देना चाहिए।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)