पालिका क्षेत्र में नलों की टोटियों में सप्लाई हो रहा गंदा पानी, कई मुहल्लों में आ रहा कीचड़युक्त पानी, लोगों में आक्रोश
शिकायत के बावजूद पालिका का जलकल विभाग नहीं दे रहा ध्यान।
फतेहपुर (आरएनआई) नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष समेत अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों पर जहां भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं वहीं जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। पालिका क्षेत्र के कई इलाकों में सालों से नलों की टोटियों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। यह पानी पीकर लोग बीमार भी हो रहे हैं। शिकायत के बावजूद पालिका का जलकल विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
बताते चलें कि शहर क्षेत्र में पानी की सप्लाई की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद के जलकल विभाग के कंधो पर है। विभागीय अधिकारी अपने कार्यों के प्रति बेहद लापरवाह हैं। जिसके चलते नगर पालिका परिषद के अंतर्गत आने वाले कई वार्डों में नलों की टोटियों से गंदे व कीचड़युक्त पानी की सप्लाई हो रही है। समय-समय पर इस मामले की शिकायत सभासदों के साथ-साथ उच्चाधिकारियों से की गई लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। जिसके चलते बाशिन्दे गंदा पानी पीने के लिए विवश हो रहे हैं। नगर पालिका परिषद के वार्ड नं. 17 ज्वालागंज के अंतर्गत आने वाले अरबपुर, ज्वालागंज, चित्रगुप्तनगर में इन दिनों कीचड़युक्त पानी आ रहा है। इस पानी का इस्तेमाल वार्डवासी किसी भी कार्य के लिए नहीं कर सकते। पानी में बदबू भी आ रही है। वार्डवासियों में मोनू परिहार, राजा वर्मा, शालू, अमित वर्मा, जितेन्द्र सोनी, शोएब, बृजेश श्रीवास्तव, रवि सोनी, कमल सोनी, धनंजय सोनी, रमेश सोनी, सुरेश, राजा वर्मा, गौरीशंकर, संदीप श्रीवास्तव व नारायण तिवारी ने कहा कि वार्ड में कई दिनों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इसकी शिकायत क्षेत्रीय सभासद आफताब अहमद समेत नगर पालिका ईओ रविन्द्र कुमार से की गई, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ। बताया कि गंदे पानी के कारण घरों में लगी पानी की मोटर भी समय से पहले खराब हो रही हैं। इतना ही नहीं आरओ तो दस से पंद्रह दिनों में ही चोक हो रहा है। बाशिन्दों का कहना रहा कि यदि समय रहते इस समस्या का निदान न किया गया तो वह सभी गंदे पानी को बोतलों में भरकर जिलाधिकारी की चौखट पर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का काम करेंगे।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



