पहली सोमवारी पर बागमती नदी में दिखा मगरमच्छ, जल भरने शिवभक्तों में मची अफरा-तफरी, प्रशासन सतर्क

Monday, August 3, 2026 - 10:07
0

मुजफ्फरपुर : बिहार समेत देशभर में सावन की पहली सोमवारी पर प्रत्येक शिव मंदिर में शिव भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. वही बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में उस समय आस्था के बीच हड़कंप मचने लगा. जब जल लेने पहुंचे शिवभक्तों के बीच अचानक बागमती नदी के बीचों बीच एक विशालकाय घड़ियाल दिखाई दे गया. मामला गायघाट प्रखंड के बेनीबाद थाना क्षेत्र के बेनीबाद स्थित बागमती नदी की है, नदी में घड़ियाल के दिखते ही श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए तत्काल नदी से बाहर निकल आए और कुछ देर के लिए पूरे घाट पर भय का वातावरण छा गया.

बता दें की सोमवार को अहले सुबह से ही सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर हजारों श्रद्धालु बागमती नदी में स्नान ध्यान कर जल भरकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने पहुंचे थे. इसी दौरान नदी की तेज धारा में एक विशालकाय घड़ियाल तैरता हुआ घाट के समीप आ गया. जैसे ही श्रद्धालुओं की नजर उस पर पड़ी, घाट पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. शिवभक्त आनन-फानन में नदी से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए.

कुछ देर तक घड़ियाल नदी में दिखाई देता रहा, लेकिन बाद में वह पानी की धारा में ओझल हो गया. इसके बाद जब खतरा टलता दिखाई दिया, तब श्रद्धालु दोबारा घाट पर पहुंचे, जल भरा और "बोल बम" के जयघोष के साथ अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। हालांकि घटना ने श्रद्धालुओं के बीच भय और चिंता का माहौल जरूर पैदा कर दिया.

इधर मामले की सूचना मिलते ही बेनीबाद थाना पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। थाना अध्यक्ष राजकुमार गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा की कमान संभाल ली. पुलिस ने तत्काल श्रद्धालुओं को नदी से सुरक्षित दूरी पर कराया तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील की. पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के कारण स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई.

स्थानीय लोगों का कहना है कि बागमती नदी में घड़ियाल के दिखाई देने की यह पहली बड़ी घटना नहीं है, क्योंकि कई बार बागमती नदी में मगरमच्छ दिखाई दिया है. इसलिए भविष्य में श्रद्धालुओं या स्थानीय लोगो की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त निगरानी और वन विभाग की सक्रियता आवश्यक है.

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट....

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User