नौगाम पुलिस स्टेशन में विस्फोट: गृह मंत्रालय का बयान—फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक के सैंपलिंग के दौरान हुआ हादसा, नौ की मौत
नई दिल्ली (आरएनआई)। जम्मू-कश्मीर के नौगाम में थाने के भीतर हुए भीषण विस्फोट पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी किया है। मंत्रालय ने बताया कि यह धमाका हरियाणा के फरीदाबाद से बरामद किए गए विस्फोटक सामग्री की फॉरेंसिक जांच की तैयारी के दौरान हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में नौ लोगों की जान गई, जबकि 27 पुलिसकर्मी, दो राजस्व अधिकारी और तीन नागरिक घायल हुए हैं।
गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव (जम्मू-कश्मीर प्रभाग) प्रशांत लोखंडे ने बताया कि विस्फोट इतना तेज था कि नौगाम पुलिस स्टेशन की इमारत के साथ-साथ आसपास की संरचनाओं को भी भारी नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच विशेषज्ञ टीमें कर रही हैं और किसी भी तरह की अटकलें लगाने से बचने की अपील की।
उन्होंने बताया कि यह घटना बीती रात करीब 11:20 बजे हुई, जब आतंकी मॉड्यूल की जांच के दौरान बरामद विस्फोटक और रासायनिक पदार्थों के सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए तैयार किए जा रहे थे। विस्फोटक सामग्रियों का बड़ा जखीरा थाने के भीतर एक खुले क्षेत्र में सुरक्षित रूप से रखा गया था, लेकिन सैंपलिंग की प्रक्रिया के दौरान अचानक विस्फोट हो गया।
लोखंडे ने कहा कि फरीदाबाद से बरामद विस्फोटक बेहद अस्थिर और संवेदनशील प्रकृति के थे, इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही थी, फिर भी दुर्भाग्यवश प्रक्रिया के दौरान यह हादसा हो गया। विस्फोट में घायल सभी लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
गृह मंत्रालय ने इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि सरकार मृतकों के परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है। घटना की विस्तृत जांच जारी है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



