नोएडा में फर्जी ‘इंटरनेशनल पुलिस’ ऑफिस का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
नोएडा (आरएनआई) नोएडा पुलिस ने सेक्टर-70 में चल रहे एक फर्जी अंतरराष्ट्रीय पुलिस कार्यालय का पर्दाफाश किया है। यह दफ्तर “इंटरनेशनल पुलिस एंड क्राइम इंवेस्टिगेशन ब्यूरो” के नाम से संचालित हो रहा था और पूरी तरह अवैध था। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो सभी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।
थाना फेज-3 पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जून में एक मकान किराए पर लेकर नकली पुलिस दफ्तर तैयार किया था। बीते एक सप्ताह से वे इसे संचालित कर रहे थे। जांच में सामने आया कि आरोपी इंटेलिजेंस ब्यूरो और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के नाम का दुरुपयोग कर आम लोगों से लेकर संस्थानों तक को अपने जाल में फंसाने की योजना बना रहे थे।
मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, पहचान पत्र, पासबुक, चेकबुक, नकली मुहरें, लेटरहेड और सरकारी प्रतीकों की तस्वीरें बरामद की हैं। दफ्तर का बोर्ड और लोगो भी असली पुलिस की तरह बनाया गया था।
पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने इस ठगी के जाल को फैलने से पहले ही धराशायी कर दिया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



