नरवर किले से ऐतिहासिक तोप चोरी: जांच में नया खुलासा, चौकीदार ने बदला बयान

Jul 18, 2026 - 22:15
Jul 18, 2026 - 22:50
 0  81
नरवर किले से ऐतिहासिक तोप चोरी: जांच में नया खुलासा, चौकीदार ने बदला बयान

जिले के ऐतिहासिक नरवर किला से 16वीं सदी की ऐतिहासिक तोप चोरी होने के मामले में जांच के दौरान नया खुलासा सामने आया है। प्रारंभिक सूचना में चौकीदार ने दावा किया था कि करीब 30 हथियारबंद बदमाश किले पर पहुंचे और तोप लूटकर ले गए। हालांकि पुलिस जांच में यह दावा संदिग्ध पाया गया।

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि घटना के समय चौकीदार किले पर मौजूद ही नहीं था। पूछताछ के दौरान उसने अपना बयान बदल दिया। प्रारंभिक जांच के अनुसार 5 जुलाई को अज्ञात लोगों ने तोप को उसके स्थान से नीचे गिराया था, जबकि 15-16 जुलाई की रात उसे वाहन की मदद से उठाकर ले जाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया तथा पुरातत्व विभाग के उपसंचालक पी.सी. महोबिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके से रजाई, गद्दा, पाइप तथा भारी वस्तु को खींचकर ले जाने के निशान मिले हैं, जिन्हें महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई। चोरी हुई तोप की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

यह घटना ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और किले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0